दिल्ली

Delhi Encounter: कापसहेड़ा इलाके में दो वॉन्टेड अपराधी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार; रोहित गोदारा गैंग से जुड़ रहे तार

नई दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में स्पेशल सेल की टीम ने शुक्रवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात वॉन्टेड अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों अपराधी फिरौती, अपहरण और गोलीबारी जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं और कई राज्यों की पुलिस को लंबे समय से इनकी तलाश थी। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, ये अपराधी रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ जैसे अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों से जुड़े हुए थे।

Image

कई राज्यों में फिरौती, अपहरण और गोलीकांड वारदात में आया था अपराधियों का नाम

Delhi Encounter News: नई दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में स्पेशल सेल की टीम ने मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात वॉन्टेड अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के नाम आकाश राजपूत और महिपाल हैं, जो कई राज्यों में फिरौती, अपहरण और गोलीकांड जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं।

एनकाउंटर के बाद गिरफ्तारी

स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाह ने बताया कि कापसहेड़ा इलाके में घेराबंदी के दौरान अपराधियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ, जिसे तुरंत मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। दोनों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

दोनों पर दर्ज हैं कई केस

राजस्थान के श्रीगंगानगर का रहने वाला आकाश राजपूत जुलाई 2022 में करनाल के असंध में अस्पताल के बाहर हुई फिरौती के लिए गोलीबारी में शामिल था। इस वारदात की साजिश दलेर कोटिया ने रची थी, जो विदेश से ऑपरेट करता है। इसके अलावा जुलाई 2025 में गुजरात में 100 करोड़ रुपये की फिरौती के लिए हुए एक अपहरण में भी वह वांछित था। राजस्थान पुलिस ने उस पर 20 हजार का इनाम घोषित किया था। वह रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चारण जैसे कुख्यात गैंगस्टरों से जुड़ चुका था और भारत से भागने के लिए फर्जी पासपोर्ट बनवा रहा था। वहीं भरतपुर का रहने वाला महिपाल भी करनाल गोलीकांड में शामिल था और गिरफ्तारी के बाद से जमानत पर बाहर था। वह भी विदेश में बैठे अपराधियों के नेटवर्क से जुड़ गया था।

रोहित गोदारा गैंग से जुड़ रहे तार

स्पेशल सेल इन अपराधियों से पूछताछ कर रही है ताकि गैंगस्टर नेटवर्क और फरार आरोपियों के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का कहना है कि इन दोनों की गिरफ्तारी से कई बड़ी आपराधिक साजिशों का पर्दाफाश हो सकता है। स्पेशल सेल के सूत्रों के मुताबिक लॉरेंस से अलग होने के बाद रोहित गोदारा ने जगदीश झांगड़ा और अक्षय नाम के गैंग के साथ गठजोड़ किया है। ये बदमाश उसी गठजोड़ के बदमाश हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article