Bangladeshi Women Arrested: अभी पिछले दिनों ही दिल्ली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने 10-12 वर्षों से भारत में बांग्लादेशियों की घुसपैठ कराने वाले मास्टर माइंड चांद मियां के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया कि आज एक और खबर अवैध बांग्लादेशी नागरिकों से जुड़ी आई। दिल्ली की मंडावली थाना पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रही छह बांग्लादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है। ये अलग-अलग समय पर बंगाल के रास्ते दिल्ली तक पहुंची थीं।
दिल्ली पुलिस की हिरासत में बांग्लादेशी महिलाएं
पूछताछ में खुला राज
मंडावली पुलिस को 29 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं अवैध रूप से इलाके में रह रही हैं। सूचना के आधार पर मंडावली पुलिस की टीम ने एक महिला को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। जिसके बाद पुलिस को पांच और अवैध घुसपैठियों का पता चला। शहर के पहाड़गंज इलाके से पुलिस ने कुल छह बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान, मीम अख्तर (23 वर्ष), मीना बेगम (35 वर्ष), शेख मुन्नी (36 वर्ष), पायल शेख (25 वर्ष), सोनिया अख्तर (36 वर्ष) और तानिया खान (34 वर्ष) के तौर पर हुई है।
वापस भेजने की शुरू हो गई है तैयारी
ये बांग्लादेशी महिलाएं दिल्ली में घरेलू सहायिका और कूड़े बीनने जैसे काम करती थीं। पूछताछ में इन्होंने खुलासा किया कि दिल्ली में बांग्लादेश के कई लोग रहते हैं, जिनकी सहायता से ये बंगाल के रास्ते दिल्ली तक पहुंची थीं। पुलिस अब इनके साथियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है और इनके प्रत्यर्पण की तैयारी चल रही है।
अभी घुसपैठिए गैंग का हुआ था खुलासा
गौरतलब है कि मार्च के महीने में दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बांग्लादेशी युवक तैमूर नगर में छिपा हुआ है। युवक का नाम असलम था। असलम से पूछताछ में कई खुलासे हुए बाद पुलिस ने चांद मियां को गिरफ्तार किया, जो बांग्लादेशियों को भारत में अवैध एंट्री कराने का नेटवर्क चलाता था। इस मामले में 47 बांग्लादेशी और 5 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था।
इस खबर को विस्तार से आप यहां पढ़ सकते हैं- बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क का पर्दाफाश!
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
