दिल्ली में भाजपा की सरकार बन चुकी है। सरकार बनने के साथ ही बीजेपी यह स्पष्ट रूप से दिखा रही है कि उसकी सरकार का विजन क्या है। सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद पूरी दिल्ली सरकार यमुना घाट का दौरा करेगी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई की मुद्दा काफी बड़ा था।
यमुना घाट का दौरा करेगी दिल्ली सरकार
भाजपा नेता और शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री की शपथ लीं। उनके साथ और उनके छह नए मंत्रियों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनका पूरा मंत्रिमंडल यमुना घाट पर नदी की सफाई का जायजा लेने जाएगा। दिल्ली चुनाव के महत्वपूर्ण मुद्दों में यमुना नदी की सफाई का मुद्दा सबसे अहम था। पिछले 10 वर्षों से दिल्ली पर शासन करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने बार-बार यमुना को साफ करने का वादा किया था, लेकिन इस प्रतिबद्धता को पूरा करने में विफल रही।
भाजपा की लिस्ट में यमुना की सफाई ऊपर
अब, नई भाजपा सरकार ने यमुना की सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सरकार के शपथ से पहले ही एलजी के आदेश पर यमुना में बड़ी-बड़ी मशीनें उतर गईं हैं। फिलहाल यमुना से कचरे को हटाया जा रहा है।
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री कौन?
हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं। काफी लंबे अंतराल के बाद दिल्ली में भाजपा की सत्ता में वापसी के साथ, उनकी नियुक्ति राजधानी में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बदलाव का संकेत है। एक अनुभवी नेता, रेखा गुप्ता की मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्र नेता के रूप में काम किया है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की महासचिव और अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उनके पास दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम और एलएलबी की डिग्री है और वे वर्षों से दिल्ली के नागरिक और राजनीतिक मामलों में सक्रिय रूप से शामिल रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
