Rajdhani Express Launching: 19 जनवरी 2019 में मुंबई CSMT राजधानी एक्सप्रेस (22221-22222) लॉन्च हुई और इसके करीब एक महीने बाद 15 फरवरी 2019 को नई दिल्ली और वाराणसी के बीच शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस। इसके बाद वंदे भारत ट्रेनों की लॉन्चिंग का जैसे तांता ही लग गया। एक बाद एक इन सेमी हाई स्पीड ट्रेनों की देश में अब लगभग 150 संख्या हो जाने के बाद, एक बार फिर राजधानी लौटी है।
दिल्ली से मिजोरम को जोड़ेगी नई गाड़ी (सांकेतिक तस्वीर)
छह साल बाद हो रही लॉन्चिंग
छह सालों के लंबे अंतराल के बाद एक नई राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है। यह नई ट्रेन मिजोरम की राजधानी आइजॉल (साइरांग) को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) से जोड़ने का काम करेगी। इससे पहले साल 2019 में मुंबई CSMT और दिल्ली के बीच राजधानी एक्सप्रेस की शुरुआत हुई थी।
मिजोरम को ट्रेन से दिल्ली से सीधा कनेक्शन
देश में वर्तमान में 25 राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है। यह साइरांग आनंद विहार राजधानी एक्सप्रेस देश की 26वीं राजधानी ट्रेन होगी। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी और 2500 किलोमीटर से अधिक की दूरी लगभग 44 घंटे से कम में तय करेगी।
कब होगी लॉन्च
इस ट्रेन को 13 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह मिजोरम के इतिहास में पहली बार होगा जब कोई यात्री ट्रेन दिल्ली तक जाएगी। साइरांग-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की शुरुआत बैराबी-साइरांग रेलवे परियोजना के पूरा होने के बाद संभव हो पाई है। इस परियोजना की लंबाई 51.38 किलोमीटर है और इसे लगभग 8000 करोड़ की लागत से बनाया गया है।
खास है यह लाइन
यह लाइन एक इंजीनियरिंग चमत्कार मानी जा रही है क्योंकि इसमें 48 सुरंगें, 55 बड़े पुल, और 87 छोटे पुल हैं। परियोजना में बनी सुरंगों की कुल लंबाई 12,853 मीटर है। इसमें बना ब्रिज नंबर 196 की ऊंचाई 104 मीटर है, जो कुतुब मीनार से 42 मीटर ऊंचा है।
राजधानी एक्सप्रेस का गौरव
भारत की पहली राजधानी एक्सप्रेस वर्ष 1969 में नई दिल्ली और हावड़ा के बीच शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य राज्यों की राजधानियों को देश की राजधानी से जोड़ना था। आज भी राजधानी एक्सप्रेस को भारतीय रेलवे की प्रीमियम सेवाओं में गिना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
