दिल्ली

Delhi HC Bomb Threat: दिल्ली हाईकोर्ट को मिली बम की धमकी; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

दिल्ली हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, दिल्ली पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए हाईकोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इस धमकी ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जांच के बाद यह धमकी झूठी पाई गई।

Image

ईमेल पर आई थी धमकी (तस्वीर साभार: PTI)

Photo : PTI

Delhi HC Bomb Threat: दिल्ली हाईकोर्ट को एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह ईमेल हाईकोर्ट की आधिकारिक मेल आईडी पर भेजा गया था, जिसमें बम होने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हाईकोर्ट परिसर में गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

सर्च ऑपरेशन जारी

पुलिस ने न्यू ब्लॉक को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके चलते कई कोर्ट रूम में चल रही सुनवाई को बीच में ही स्थगित करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, कुछ बेंचों को सुनवाई के दौरान अचानक उठना पड़ा और अब दोपहर 2:30 बजे के बाद दोबारा कार्यवाही शुरू की जाएगी। फिलहाल दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हाईकोर्ट परिसर की बारीकी से जांच कर रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने धमकी भरे मेल की जांच शुरू कर दी है और मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

क्या लिखा है ईमेल में

दिल्ली हाई कोर्ट के आधिकारिक ईमेल पर भेजे गए इस संदेश में दावा किया गया है कि एक जज के चैंबर में दोपहर की नमाज के तुरंत बाद बम फट जाएगा। ईमेल भेजने वाले ने डॉ. शाह फैसल नामक एक शिया मुस्लिम और कोयंबटूर में एक पाकिस्तानी ISI सेल के बीच एक साजिश का आरोप लगाया है। इस साजिश का मकसद पटना में 1998 के बम धमाकों जैसा ही एक हमला करना है। धमकी का मकसद राहुल गांधी और उदयनिधि स्टालिन जैसे राजनीतिक वंशवादी नेताओं को हटाकर धर्मनिरपेक्ष नेताओं को सत्ता में लाना बताया गया है। ईमेल में यह भी कहा गया है कि उदयनिधि स्टालिन के बेटे इनबानिधि उदयनिधि पर इस हफ्ते तेजाब से हमला किया जाएगा। साथ ही यह भी लिखा है कि 2017 से पुलिस के भीतर भी इस हमले के लिए लोग तैयार किए गए हैं। दिल्ली हाई कोर्ट का धमाका यह साबित करने के लिए है कि यह कोई झूठी धमकी नहीं है।

अफवाहों पर न दें ध्यान

हाईकोर्ट में बम होने की धमकी पर दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट कर अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए दिल्ली पुलिस ने लिखा है कि "दिल्ली में न्यायालय परिसरों में बम सम्बन्धी सूचना मिलने पर त्वरित कार्यवाही करते हुए दिल्ली पुलिस की टीम, बम निरोधक व श्वान दस्ता न्यायालय परिसर में मौजूद है और जांच कर रहे हैं प्रथम दृष्टया यह सूचना असत्य है। सभी से अनुरोध है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।"

जांच के बाद यह धमकी झूठी पाई गई। इससे पहले भी दिल्ली-NCR के कई स्कूलों और कॉलेजों को बम की झूठी धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं। हाईकोर्ट जैसी संवेदनशील जगह को निशाना बनाए जाने की कोशिश को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article