cow dung in class room: दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्राचार्य का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह कक्षा की दीवारों पर गोबर का लेप लगाते हुए दिख रही हैं। प्राचार्य प्रत्यूष वत्सला ने बताया कि यह काम एक संकाय सदस्य द्वारा शुरू की गई शोध परियोजना का हिस्सा है। उन्होंने कथित तौर पर खुद ही कॉलेज के शिक्षकों के साथ यह वीडियो साझा किया है, जिसमें बताया गया कि कक्षाओं को ठंडा रखने के लिए देसी तरीके अपनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना का नाम है 'पारंपरिक भारतीय ज्ञान का उपयोग करके तापीय तनाव नियंत्रण का अध्ययन।' उन्होंने कहा, 'यह प्रक्रियाधीन है। मैं एक सप्ताह के बाद पूरे शोध का विवरण साझा कर सकूंगी। शोध ‘पोर्टा केबिन’ में किया जा रहा है। मैंने उनमें से एक पर खुद ही लेप लगाया है क्योंकि प्राकृतिक मिट्टी को छूने से कोई नुकसान नहीं होता। कुछ लोग पूरी जानकारी के बिना गलत सूचना फैला रहे हैं।'
उन्होंने संदेश में लिखा, 'जिनकी यहां कक्षाएं हैं, उन्हें जल्द ही ये कमरे नए रूप में मिलेंगे। आपके शिक्षण अनुभव को सुखद बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।'
वर्ष 1965 में स्थापित और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर बना यह कॉलेज अशोक विहार में स्थित है और दिल्ली सरकार के अधीन संचालित होता है। कॉलेज में पांच ब्लॉक हैं और हाल ही में शुरू की गई यह पहल इनमें से एक ब्लॉक पर केंद्रित है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
