ओल्ड राजेंन्द्र नगर के आईएएस कोचिंग सेंटर हादसा मामले में दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कोचिंग सेंटर के मालिक और कॉर्डिनेटर को गिरफ्तार कर लिया है इससे पहले पुलिस ने दोनों लोगों को हिरासत में लिया है गौर हो कि हिरासत के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है वहीं बता दें कि पुलिस की तरफ से इस मामले की जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने कहा था कि बेसमेंट से तीन शव मिले हैं और उनकी पहचान हो गई है। पुलिस ने इस मामले में राजेंद्र नगर थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया, वहीं पुलिस ने इस मामले में कोचिंग सेंटर बिल्डिंग सिस्टम के मैनेंजमेंट और ड्रेनेज सिस्टम से जुड़े दो लोग हिरासत में लिया था।
व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए
वहीं दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने रविवार को निर्देश दिया कि 'बेसमेंट' में संचालित की जा रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।ओबेरॉय ने दिल्ली नगर निगम (MCD) आयुक्त को निर्देश दिया कि वह दिल्ली में एमसीडी के अधिकार क्षेत्र में आने वाले ऐसे सभी कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें, जो 'बेसमेंट' में व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन कर रहे हैंउन्होंने कहा कि ऐसे भवन उपनियमों का उल्लंघन हैं और मानदंडों के अनुरूप नहीं हैं।ओबेरॉय ने इस बात की भी जांच कराने की मांग की कि क्या इस घटना के लिए एमसीडी का कोई अधिकारी जिम्मेदार है।
घटना की गहन जांच किए जाने और मामले में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जरूरत
मध्य दिल्ली के 'ओल्ड राजेंद्र नगर' इलाके में भारी बारिश के बाद एक कोचिंग सेंटर के 'बेसमेंट' में पानी भर जाने से शनिवार को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन अभ्यर्थियों की मौत हो गई।ओबेरॉय ने कहा, 'राजेंद्र नगर में एक निजी कोचिंग संस्थान में कुछ अभ्यर्थी कल पानी भरने के कारण फंस गए और उनमें से तीन की जान चली गई। यह बहुत ही दुखद घटना है। इस घटना की गहन जांच किए जाने और मामले में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जरूरत है।'
'यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए'
महापौर ने कहा, 'यह सुनिश्चित करना भी हमारी जिम्मेदारी है कि दिल्ली के किसी भी इलाके में ऐसी घटना दोबारा न हो।'उन्होंने एमसीडी आयुक्त को 'बेसमेंट' में संचालित कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करने और मामले की तत्काल जांच करने का निर्देश दिया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या एमसीडी का कोई अधिकारी भी इस घटना के लिए जिम्मेदार है।ओबेरॉय ने कहा, 'यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।'
26 वर्षीय एक सिविल सेवा अभ्यर्थी की करंट लगने से मौत हो गई थी
इस सप्ताह की शुरुआत में, मध्य दिल्ली के पटेल नगर इलाके में भारी बारिश के बाद लोहे के दरवाजे को छूने से 26 वर्षीय एक सिविल सेवा अभ्यर्थी की करंट लगने से मौत हो गई थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
