दिल्ली : दिल्ली सरकार ने दिव्यांगजनों और उनके परिवारों के लिए बड़ा फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि अब गंभीर रूप से दिव्यांग व्यक्तियों की देखभाल करने वालों को हर महीने ₹6000 की विशेष वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य दिव्यांगों और उनके परिजनों को न केवल आर्थिक सहारा देना है, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान और आत्मनिर्भरता का जीवन भी प्रदान करना है। यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का लाभ उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिनकी दिव्यांगता 40% या उससे अधिक है और जिन्हें डिस्ट्रिक्ट लेवल असेसमेंट बोर्ड द्वारा "हाई सपोर्ट नीड्स" (60 से 100 स्कोर) की श्रेणी में रखा गया है। सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी जाएगी। यह राशि केयरटेकर के खर्च, फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी, मनोवैज्ञानिक सलाह, सहायक उपकरण जैसी सेवाओं के लिए उपयोग की जा सकेगी।
पात्रता के लिए आवश्यक शर्तें:
- लाभार्थी कम से कम 5 वर्षों से दिल्ली में रह रहा हो।
- परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपये से अधिक न हो।
- आधार कार्ड से लिंक्ड वैध पहचान हो।
लोग ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की जांच और सत्यापन जिला समाज कल्याण अधिकारी और आकलन बोर्ड द्वारा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना सिर्फ पैसे की मदद नहीं, बल्कि एक भरोसा है कि दिव्यांगजन समाज में उपेक्षित नहीं बल्कि बराबरी के हकदार हैं। यह पहल उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगी और उनके मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
