दिल्ली : दिल्ली सरकार ने विश्वकर्मा दिवस के मौके पर श्रमिकों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मजदूर बहनों के छोटे बच्चों की देखभाल के लिए 500 पालना घर खोलने का ऐलान किया। इसके साथ ही श्रमिक परिवारों को 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, शिक्षा और आवास की सुविधाएं देने की भी योजना है। विश्वकर्मा दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर दिल्ली में आयोजित विश्वकर्मा पूजा महोत्सव श्रमिकों के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभरा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और श्रम मंत्री कपिल मिश्रा की मौजूदगी में सैकड़ों मजदूरों के सामने ऐसी योजनाओं की घोषणा हुई, जो सीधे-सीधे उनके जीवन की मूलभूत जरूरतों से जुड़ी हैं।
500 पालना घर खोलने की घोषणा
इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मजदूर महिलाओं के छोटे बच्चों की परवरिश के लिए दिल्ली में 500 पालना घर खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये पालना घर सिर्फ बच्चों की देखभाल नहीं करेंगे बल्कि माताओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने में मदद करेंगे। "यह हमारे मेहनती विश्वकर्मा माताओं के लिए संबल बनेगा," उन्होंने कहा।
रेखा गुप्ता ने कहा “मैं विश्वास दिलाती हूं कि हर गरीब के सिर पर छत देना हमारी प्राथमिकता है। पिछली सरकारें खजाना खाली छोड़कर गई थीं लेकिन हमने गरीब के लिए काम करना नहीं छोड़ा।” उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हर झुग्गी को मकान में बदलने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। मजदूरों को आर्थिक सुरक्षा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत दिल्ली के श्रमिक परिवारों को 10 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त मिलेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास के क्षेत्र में सरकार विशेष योजनाएं चला रही है ताकि किसी गरीब की जिंदगी किसी ज़रूरत में ना फंसे।
श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, "विश्वकर्मा हमारे समाज और देश की रीढ़ हैं। दिल्ली सरकार उनकी मेहनत को सम्मान देने और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित की है, रात्रिकालीन पाली में महिलाओं को रोजगार की अनुमति दी है और काम के घंटे, वेतन, और परिवार की सुरक्षा को लेकर ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
