Chandni Chowk Omaxe Mall: पहले हम जैसे ही पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक का नाम सुनते थे, वैसे ही हमारे जेहन में संकरी गलियां और भीड़भाड़ वाले बाजार जैसे चित्र बनने शुरू हो जाते थे, लेकिन अब चांदनी चौक का इलाका बदल रहा है और अब इस बदलाव के दौर में ओमेक्स मॉल भी शामिल हो चुका है। ओमेक्स मॉल को देखने के बाद कहीं से नहीं लगता है कि आप चांदनी चौक के इलाके में खड़े हैं। यह चांदनी चौक का पहला मॉल है।
ओमेक्स मॉल।
मॉल में मल्टी लेवल पार्किंग की सुविधा
ओमेक्स मॉल को देखकर आपको कनॉट प्लेस की फील आ जाएगी। आपको ओमेक्स मॉल की बनावट देखकर लगेगा कि यह कनॉट प्लेस की कोई बिल्डिंग है। यह मॉल बाहर से जितना खास दिखता है उससे कहीं बेहतर सुविधा इसके अंदर हैं। चार भागों में बंटे इस मॉल में मल्टी लेवल पार्किंग की सुविधा है और इसमें 2200 से अधिक गाड़ी पार्क हो सकते हैं।
खाने पीने का है पूरा इंतजाम
जैसा कि पुरानी दिल्ली का इलाका खान-पान के लिए काफी मशहूर है। इस मॉल ने उस चीज को बरकरार रखा है। मॉल के अंदर दिल्ली का सबसे बड़ा फूड कोर्ट है। यहां आपको हर तरह के फूड खाने को मिल जाएंगे। मॉल में खाने के शौकीन लोगों को बेहतर आनंद देने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। यहां खानपान की विशेष व्यवस्था की गई है।
आधुनिकता और विरासत का मिश्रण
इसके साथ ही मॉल की सजावट देखकर आप इसके अंदर जाने से खुद को नहीं रोक सकते हैं। मॉल की सजावट में चमकदार झूमर, मुगल शैली के मेहराब, भव्य मोजेक गुंबद शामिल हैं, जो पुरानी और नई वास्तुकला शैलियों का एक अनूठा मिश्रण है। इसका भव्य डिजाइन 'मुगल-ए-आजम' जैसी फिल्मों के बॉलीवुड सेट की याद दिलाता है, जो इसके आकर्षण में चार चांद लगाता है।
लोगों के स्वागत के लिए तैयार है मॉल
इस मॉल को 16 मार्च से आम लोगों के लिए खोल दिया गया, जहां लोग जाकर इसका आनंद ले सकते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य यहां की भीड़ को कम करना है और चांदनी चौक आने वाले लोगों को खास एहसास दिलाना है, जिसमें खान-पान से लेकर सजावट तक शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
