Delhi Crime News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में सोमवार की रात को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की हत्या से पहले आरोपी के साथ बहस हो गई थी। बहस के दौरान ही आरोपी ने पिस्टल निकाल ली और पिस्टल की तीन गोलियां युवक के सीने में उतार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
युवक ने सीने में उतार दी गोली
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि चांदनी चौक में कपड़े की एक दुकान पर काम करने वाले मुस्तकीम (22) के सीने में गोली मार दी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी यासीन (24) ने कम से कम तीन गोलियां चलाईं।
आरोपी ने क्यों मारी गोली?
पुलिस ने बताया कि सोमवार की रात मुस्तकीम और उसका दोस्त सोहेल इशरत नामक महिला के घर गए, जो सोहेल पूर्व पत्नी है और एक बार में काम करती है। वहां उनकी मुलाकात यासीन से हुई, जिससे इशरत शादी करना चाहती थी। इशरत के घर पर मुस्तकीम और सोहेल का यासीन से विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि बहस के दौरान यासीन ने मुस्तकीम को गोली मार दी।
गोली लगने से युवक की मौत
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जॉय टिर्की ने बताया कि मुस्तकीम के सीने में गोली लगी, जिसके बाद उसे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद आरोपी फरार
इधर, घटनास्थल से दो खोखे और 7.65 एमएम का एक कारतूस मिला है। डीसीपी ने कहा कि यासीन फरार है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सोहेल और इशरत का पिछले साल नवंबर में तलाक हो गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
