Budget For Slums In Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में एक कार्यक्रम में ये बात साफ की कि दिल्ली में झुग्गियों को तोड़ने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने इस बात की तरफ भी इशारा किया कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर झुग्गियों को तोड़ने के फर्जी नोटिस जारी कर भ्रम फैला रहे हैं कि सरकार झुग्गियों को तोड़ रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने झुग्गियों के विकास के लिए 700 करोड़ रुपये का बजट रखा है।
मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल के पहले 100 दिनों की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कहा कि इस दौरान कई विकास से जुड़े कदम उठाए गए हैं। सोमवार को शालीमार बाग विधानसभा के हैदरपुर क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अब रुकने वाली नहीं है और हर घर को पानी, बेहतर सुविधाएं, मजबूत सड़कें और साफ पर्यावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने जानकारी दी कि हैदरपुर क्षेत्र को मुख्य सीवर नेटवर्क से जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। जो स्थानीय लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्याओं से राहत दिलाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि 58 लाख रुपये की लागत से चौधरी मेहर चंद्र मार्ग पर नई नाली का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा, मुकरबा चौक से मधुबन चौक तक आउटर रिंग रोड का निर्माण कार्य 13 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने आयुर्वेदिक जेजे क्लस्टर और खदर जेजे क्लस्टर में नई पानी की पाइपलाइनों का भी उद्घाटन किया, जिससे स्थानीय निवासियों को नियमित और साफ पानी की आपूर्ति मिलेगी। वार्ड 55 में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड पाइपलाइन के विस्तार का काम भी शुरू किया जा रहा है, जिससे घर तक पाइप गैस की सुविधा उपलब्ध होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
