ग्रीन दिल्ली पहल के तहत दिल्ली सरकार जल्द ही श्री निवासपुरी बस डिपो से 130 नई बसें चलवाने वाली है। फिलहाल जो CNG बसें चल रहीं हैं, उन्हें हटा दिया जाएगा। डिपो से अभी 110 CNG बसें चलती हैं जिनका समय जल्द ही पूरा होने वाला है, उनकी जगह अब नई इलेक्ट्रिक बसें आएंगी। DTC डिपो पर इन बसों के लिए BSES की तरफ से इलेक्ट्रिक पावर स्टेशन बनाया जा रहा है।
दिल्ली में चलेंगी 130 नई इलेक्ट्रिक बसें
बंद हो जाएंगी CNG बसें
110 CNG बसों में 71 फीसदी बसों का समय जुलाई में पूरा हो रहा है और बाकी बसों का सितंबर में। समय पूरा होने पर बसों को हटा दिया जाएगा। इसके बाद अक्टूबर व नवंबर माह से इलेक्ट्रिक बसों का चलाया जाएगा। इसके लिए इंग्लैंड की स्विच मोबिलिटी बस निर्माता कंपनी ने डिपो को 130 बसों की अनुमति दी है।
पावर स्टेशन का 90 प्रतिशत काम हुआ पूरा
इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए BSES राजधानी पावर लिमिटेड की तरफ से डिपो पर इलेक्ट्रिक पावर स्टेशन बनाया जा रहा है। 33 केवी के स्टेशन का 90 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। इसके लिए 220 केवी ओखला स्टेशन से अंडरग्राउंड केबल बिछाया जा रहा है।
डिपो से इन जगहों पर चलती हैं बसें
श्री निवासपुरी डिपो से शहर के रूटों के लिए बसें चलती हैं। इनमें मुख्य रूप से इंदरपुरी जेजे कॉलोनी से सेंट्रल वर्क शॉप द्वितीय तेहखंड, मोरी गेट टर्मिनल से अंबेडकर नगर टर्मिनल, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से महरौली टर्मिनल, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से कालका जी डीडीए फ्लैट्स, बदरपुर जैसे कई रूट शामिल हैं।
हजार से अधिक इलेक्ट्रिक बसें लाने की है योजना
इसी महीने की पहली तारीख को दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा था कि इस महीने दिल्ली को एक हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। उन्होंने ये भी कहा कि सरकार एक रिकवरी प्लान पर काम कर रही है, जिसका लक्ष्य एक साल के भीतर DTC के घाटे को मुनाफे में बदलना है। निश्चित रूप से इसका एक अच्छा असर दिल्ली के वातावरण पर भी पड़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
