Delhi Fire: पश्चिमी दिल्ली के मनोहर पार्क स्थित एक घर में एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। जिसमें दो नाबालिग भाई-बहनों की मौत हो गई। बच्चो को बचाने के दौरान मकान मालिक भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गैस रिसाव के कारण लगी आग
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार रात करीब आठ बजकर 20 मिनट पर मनोहर पार्क के डब्ल्यूजेड-7 इलाके में हुई। दमकल की दो गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। मौके पर पहुंची टीम ने पुष्टि की है कि आग एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण लगी थी। पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चों की पहचान साक्षी (14) और उसके भाई आकाश (7) के रूप में हुई है।
खाना बनाते समय लगी आग
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्रा वीर ने बताया कि दोनों बच्चों की मां सविता (34) के अनुसार, वह रात करीब आठ बजे खाना बना रही थी, तभी पास में रखे कुछ कपड़ों में आग लग गई। घटना के समय कमरे में उनकी दो बेटियां और बेटा भी मौजूद थे। डीसीपी ने बताया कि सविता और उसकी दूसरी बेटी मीनाक्षी (11) सुरक्षित बाहर निकाल ली गईं, जबकि साक्षी और आकाश अंदर फंस गए।
घटना के समय ड्यूटी पर थे बच्चों के पिता
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस घटना में तीन लोग भी झुलस गए, जिन्हें पीसीआर टीम ने आचार्य भिक्षु अस्पताल पहुंचाया। मृतक दोनों भाई-बहन पूरी तरह झुलस गए थे, जिन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि संदीप पाठक नामक एक अन्य व्यक्ति मामूली रूप से झुलस गया जिसका इलाज हो रहा है। डीसीपी ने बताया कि दोनों बच्चों के पिता लाल बहादुर (40) अशोका पार्क मेन इलाके में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते हैं और घटना के समय ड्यूटी पर थे। पंजाबी बाग पुलिस थाने से एक टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंची।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
