Delhi News: दिल्ली के शाहदरा फ्लाईओवर से सोनू उर्फ जाकिर नाम के एक बदमाश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए छलांग लगा दी। इस घटना में सोनू की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फ्लाईओवर के पास कृष्णा नगर से सोनू और उसके साथियों को क्राइम ब्रांच ईसीआर 2 की टीम ने पकड़ा था। पुलिस ने बताया की सोनू छेनू गैंग का सदस्य था। पुलिस इस गैंग को पकड़ने की लंबे समय से कोशिश कर रही थी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 5 में 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है और एक की मौत हो गई है।
पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से कूदा बदमाश
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम छेनू गैंग की कार का पीछा कर रही थी। कार में 5 लोग सवार थे। शाहदरा फ्लाईओवर के पास पुलिस ने कार को रोका, तभी सोनू नाम के बदमाश ने पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से एक पेड़ पर छलांग लगा दी। लेकिन पेड़ की शाखा टूटने के कारण वह नीचे गिर गया। गंभीर हालत में बदमाश को अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
चार बदमाश गिरफ्तार
पुलिस ने इस दौरान मृतक सोनू के चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों की पहचान अफसर (36), नदीम (27), आबिद (30), शोएब (20) के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से 1 रिवॉल्वर और 7 राउंड, दो पिस्टल, तीन देसी पिस्टल बरामद की है। साथ ही पुलिस ने बदमाशों की स्कॉर्पियो कार को भी जब्त कर लिया है।
मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
पुलिस ने सोनू की मौत की सूचना परिवार को दी। सोनू की मौत की खबर सुनकर परिवार का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। परिवार के लोगों का कहना है कि सोनू को मारा गया है। पुलिस ने सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होते ही शव को परिवार को सौंप दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
