Delhi Crime News: दिल्ली में एक युवक की चाकू से मारकर हत्या का मामला सामने आया है। यह घटना कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी ब्लॉक-10 में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस को युवक मृत अवस्था में मिला। इसके अलावा घटनास्थल पर कुछ पत्थर और एक मोटरसाइकिल गिरी हुई पाई गई, जिससे यह संकेत मिलता है कि वहां कोई झगड़ा हुआ हो सकता है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस की कई टीम आरोपी को पकड़ने में जुटी
यह घटना 4 फरवरी को रात 12:45 बजे की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि त्रिलोकपुरी में एक व्यक्ति को चाकू मारा गया है। मृतक की पहचान लव लोहान के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जिले की कई टीमें मौके पर भेज दीं, जिनमें कल्याणपुरी थाना, एएटीएस, स्पेशल स्टाफ, एंटी नारकोटिक्स टीम और क्राइम टीम शामिल थीं। इसके अलावा, एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटना के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है, जिससे आरोपियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और हत्या की असल वजह आरोपियों को पकड़ने के बाद ही साफ हो सकेगी। पूर्वी दिल्ली के एडिशनल डीसीपी विनीत और ऑपरेशन सेल एसीपी भी मामले की निगरानी कर रहे हैं।
(इनपुट - IANS)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
