Delhi Crime: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में 27 वर्षीय एक मजदूर की उसके चचेरे भाई समेत तीन लोगों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सनी के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें एक अस्पताल से व्यक्ति की हत्या किए जाने की घटना की सूचना मिली थी। मामले की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सनी के चचेरे भाई अनिकेत ने अपने दोस्तों श्याम और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर गुरुवार रात करीब 10 बजे उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि अनिकेत ने झगड़ा होने के बाद सनी की हत्या की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
अधिकारी ने कहा कि जांच करने पर पता चला है कि झगड़े के दौरान सनी ने अनिकेत और श्याम को धक्का दिया जिसके बाद दोनों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए सनी के सीने में चाकू घोंप दिया। शव को जीटीबी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारी ने बताया कि अनिकेत के खिलाफ खजूरी खास और शास्त्री पार्क पुलिस थाने में चोरी, डकैती और शस्त्र अधिनियम के 28 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
(इनपुट: भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
