Delhi HC Chief Justice: दिल्ली हाईकोर्ट को अब परमानेंट चीफ जस्टिस मिल गए हैं। पिछले कुछ महीनों से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी निभा रहे जस्टिस मनमोहन को दिल्ली हाईकोर्ट का नया चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। जस्टिस मनमोहन ने इस पद के लिए रविवार को शपथ ली।
एलजी ने दिलाई शपथ
उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने अपने सचिवालय राज निवास में हुए समारोह में 61 वर्षीय न्यायाधीश को शपथ दिलाई। समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। केंद्र सरकार ने उन्हें मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने के प्रस्ताव को 21 सितंबर को मंजूरी दी थी।
नौ नवंबर 2023 से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश
न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा को उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किए जाने के बाद न्यायमूर्ति मनमोहन को नौ नवंबर 2023 को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने 11 जुलाई को न्यायमूर्ति मनमोहन को दिल्ली उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा की थी। वह 16 दिसंबर को सेवानिवृत्त होंगे।
कौन हैं जस्टिस मनमोहन
न्यायमूर्ति मनमोहन प्रख्यात नौकरशाह-राजनेता, जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल और दिल्ली के उपराज्यपाल रहे जगमोहन के बेटे हैं। न्यायमूर्ति मनमोहन को 13 मार्च 2008 को दिल्ली उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह एक वरिष्ठ अधिवक्ता थे। 17 दिसंबर 2009 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। न्यायमूर्ति मनमोहन ने 1987 में अधिवक्ता के तौर पर पंजीकरण कराया था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई की थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
