IMD To Launch BFS: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) बहुत जल्द एक ऐसी तकनीक अपनाने वाला है जो मौसम की भविष्यवाणी को मोहल्ले के दायरे तक सटीक बता सकता है। यह सिस्टम मौसम बताने के मॉडलों में सबसे विकसित तकनीक है, जिसे इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मिटियोरोलॉजी (IITM) पुणे ने बनाया है। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सोमवार को औपचारिक रूप से इसकी शुरुआत करने वाले हैं।
1 किलोमीटर तक सटीक अनुमान की तैयारी
इस मॉडल का नाम भारत फॉरकास्टिंग सिस्टम (BFS) दिया गया है। इसके शुरुआत के साथ ही भारत दुनिया का पहला ऐसा देश बन जाएगा जिसके पास इतने हाई रिजॉल्यूशन की मौसम पूर्वानुमान प्रणाली होगी। अब तक IMD सुपर कंप्यूटर की मदद से 12 किलोमीटर के दायरे में मौसम का पूर्वानुमान जारी करता रहा है। अब नए सिस्टम से छह किलोमीटर के दायरे में भी पूर्वानुमान जारी कर सकेगा। मौसम मॉडलर इस रिजॉल्यूशन को 3 किलोमीटर और 1 किलोमीटर तक ठीक-ठीक करने पूर्वानुमान के लिए भी काम कर रहे हैं।
नए सुपरकंप्यूटर से होगा काम
IITM पुणे के विकसित किए इस BFS से मौसम वैज्ञानिक छोटे पैमाने की मौसमी गतिविधियों का अधिक सटीक अनुमान लगा सकेंगे। यह सिस्टम 11.77 पेटाफ्लॉप की क्षमता और 33 पेटाबाइट्स के स्टोरेज वाले नए सुपरकंप्यूटर 'अर्का' से संभव हो सका है। अर्का केवल चार घंटे में डेटा क्रंचिंग कर सकता है, जबकि पिछले सुपरकंप्यूटर 'प्रत्युष' को 10 घंटे लगते थे।
पश्चिम के देशों से बेहतर
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, BFS से भारत अब यूरोप, ब्रिटिश और अमेरिकी मौसम कार्यालयों के ग्लोबल फॉरकास्ट मॉडल से आगे निकल गया है, जो आमतौर पर 9 से 14 किलोमीटर के बीच का रेजॉल्यूशन देते हैं। यह सिस्टम आपदा जोखिम को कम करने, कृषि, वॉटर रिसोर्स मैनेजमेंट और जन सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
