Delhi Waterlogging: दिल्ली में शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश शनिवार सुबह तक जारी रही, जिससे रक्षाबंधन के दिन कई इलाकों में जलभराव हो गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। मेहरौली-बदरपुर रोड पर दोनों तरफ पानी भरने से स्थिति बेहद भयावह हो गई, जहां कार और बाइक पूरी तरह पानी में डूब गईं। नॉर्थ दिल्ली के जखीरा अंडरपास में करीब छह फीट पानी भरने के कारण इसे यातायात के लिए पूरी तरह बंद करना पड़ा।
दिल्ली में भारी जलभराव
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार तड़के उत्तरी, पश्चिमी, दक्षिणी, दक्षिण-पूर्वी और मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था, जिसे बाद में घटाकर ‘येलो अलर्ट’ कर दिया गया और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में 78.7 मिमी, प्रगति मैदान में 100 मिमी, लोधी रोड में 80 मिमी, पूसा में 69 मिमी और पालम में 31.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जानकारी के मुताबिक भारी बारिश के चलते पंचकुइयां मार्ग, मथुरा रोड, शास्त्री भवन, आरके पुरम, मोती बाग, किदवई नगर सहित कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे यातायात धीमा हो गया। शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 3.2 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
