दिल्ली

Delhi News: 70 साल से उपर के बुजुर्गों के लिए ‘वय वंदना योजना के तहत हेल्थ कार्ड किये जायेंगे वितरित

दिल्ली सरकार की 70 साल से उपर के बुजुर्गों के लिए ‘वय वंदना योजना के तहत हेल्थ कार्ड वितरित किये जायेंगे, दिल्ली में कुल 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए जाएंगे।

Image

फाइल फोटो

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘वय वंदना योजना’ और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के निर्माण को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, कानून मंत्री कपिल मिश्रा, मुख्य सचिव, एमसीडी आयुक्त, डीडीए के उपाध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 28 अप्रैल से त्यागराज स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से ‘वय वंदना योजना’ के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को यूनिक हेल्थ कार्ड वितरित किए जाएंगे। इस कार्ड में वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य रिकॉर्ड, नियमित जांच की जानकारी और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी सभी जानकारियाँ डिजिटल रूप से दर्ज होंगी।

रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यह योजना केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि बुज़ुर्गों के प्रति समाज की कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने में किसी की सामाजिक-आर्थिक स्थिति बाधा नहीं बनेगी और सभी वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की सूची तैयार करें और कार्ड वितरण और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया के लिए चिन्हित स्थानों पर व्यवस्था सुनिश्चित करें।

बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के निर्माण को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड विजिट कर संभावित स्थानों की सूची बनाकर कल तक सौंपें। एमसीडी और डीडीए अधिकारियों को भी भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली में कुल 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में औसतन 15 केंद्र होंगे। इन केंद्रों में प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परामर्श, जागरूकता अभियान और निवारक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभी तक 1,69,000 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिनका वितरण चल रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इस वितरण कार्य में सक्रिय सहयोग करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रह जाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article