Delhi: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके के एक कैफे में कथित तौर पर रविवार देर रात गोली चलाई गई थी। पुलिस ने गोली चलाने के मामले में तीन और लोगों को पकड़ लिया है। जिससे इस संबंध में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़ कर पांच हो गई है। पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि सीट पर विवाद को लेकर रविवार देर रात कैफे में एक गोली चलाई गई थी। जानकारी के अनुसार कुछ लोग रात करीब साढ़े आठ बजे रेस्टोरेंट में आए थे और उनमें से एक कांच की एक मेज पर बैठ गया, जब कैफे मालिक ने इस पर आपत्ति जतायी तो बहस शुरू हो गई। इस दौरान उनमें से एक ने गोली चला दी।
कैफे में सीट को लेकर विवाद
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के तुरंत बाद अहमद एवं औरंगजेब उर्फ मंगल उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि दोनों की उम्र 26 साल है। अधिकारी ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने अतुल (20), जावेद (23) और आदिल (19) को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी जन्मदिन की पार्टी के लिए जहांगीरपुरी से आए थे। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपश्चिम) रोहित मीणा ने बताया कि आरोपी जिस एसयूवी से आए थे और गोली चलाने में जिस अवैध हथियार का इस्तेमाल किया गया था, उसे जब्त कर लिया गया है।
झगड़े के बाद एक ने चलाई गोली
साउथ कैम्पस पुलिस थाने को रविवार रात नौ बजे गोली चलाए जाने के संबंध में सूचना मिली थी। कैफे के एक कर्मचारी के हवाले से मीणा ने बताया कि कुछ लोग रात करीब साढ़े आठ बजे रेस्टोरेंट में आए थे और उनमें से एक कांच की एक मेज पर बैठा, जब कैफे मालिक ने इस पर आपत्ति जतायी तो बहस शुरू हो गई। मीणा ने बताया कि इसके बाद कुछ और लोग आए और झगड़ा शुरू हो गया तथा इस दौरान उनमें से एक ने कैफे के बाहर हवा में गोली चला दी।
(इनपुट-भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
