Delhi Fire News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दर्दनाक हादसा हुआ, जहां मंगलवार सुबह एक आवासीय इमारत में आग लग गई। लेन संख्या-3 स्थित इमारत में आग लगने की सूचना सुबह साढ़े नौ बजे मिली और पांच दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। हालांकि, हादसे में फंसे 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। मामला शास्त्री पार्क इलाके का है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है, भूतल पर बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने का संदेह है।
दिल्ली में लगी भीषण आग
तीन मंजिला इमारत में लगी आग
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि शास्त्री पार्क की लेन संख्या-3 स्थित इमारत में आग लग गई, जिसकी सूचना सुबह साढ़े नौ बजे करीब मिली और जिसके बाद दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया।
आग में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया
अग्निशमन अधिकारी यशवंत सिंह ने बताया कि भूतल पर स्थित पार्किंग में आग लग गई थी और कुछ लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए थे। सिंह ने कहा, ‘‘आग के बीच फंसे हुए सभी लोगों को सीढ़ियों और क्रेन की मदद से बचा लिया गया और सभी लोग सुरक्षित हैं। आग की चपेट में आकर कुछ दो पहिया वाहन आंशिक रूप से जल गए।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने का संदेह
स्थानीय निवासी डॉ. तहजीब अहमद ने बताया कि इमारत में कम से कम नौ परिवार रहते थे। उन्होंने कहा, ‘‘आग लगने के कारण ज्ञात नहीं हैं, लेकिन सभी लोग सुरक्षित हैं।'' पुलिस के अनुसार, भूतल पर बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने का संदेह है।
(इनपुट-भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
