Earthquake Mock Drill in Delhi: हाल के दिनों में भारत में भूकंप के झटकों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए, दिल्ली में एक मेगा मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। यह अभ्यास आज राजधानी के 11 जिलों के 55 विभिन्न स्थलों पर किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को आपातकालीन स्थितियों में तेजी से और सुरक्षित तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना है।
रमेश नगर मेट्रो स्टेशन पर मॉक ड्रिल का आयोजन (फोटो: PTI)
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के अनुसार, इस मॉकड्रिल में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल, दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मी भाग लेंगे। सुबह 10 बजे शुरू होकर यह मॉकड्रिल पूरे दिन चलेगी। इसके अंतर्गत बहुमंजिला इमारतों, स्कूलों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों में आपातकालीन निकासी की प्रक्रियाओं का अभ्यास किया जाएगा। इसी क्रम में दिल्ली के रमेश नगर मेट्रो स्टेशन से मॉक ड्रिल का वीडियो सामने आया है।
मॉकड्रिल के दौरान घबराएं नहीं
यह अभ्यास न केवल प्रशासन की तैयारियों की परीक्षा है, बल्कि यह यह सुनिश्चित करने का प्रयास भी है कि किसी भी आपात स्थिति में कौन-सी प्रक्रियाएं प्रभावी रूप से काम करती हैं। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मॉकड्रिल के दौरान घबराएं नहीं और दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।
सजग प्रतिक्रिया देने का संदेश
यह मॉकड्रिल आपदा के समय सतर्क रहने और सजग प्रतिक्रिया देने का संदेश देती है, साथ ही प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय को भी बढ़ावा देती है। भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में तैयारियों को सबसे कारगर उपाय माना जाता है, और यह अभ्यास इसी दिशा में एक अहम कदम है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
