दिल्ली को गुरुग्राम से जोड़ने वाला द्वारका एक्सप्रेसवे लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। पहले टोल को लेकर और अब रेलिंग लगाने को लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे खबरों में है। दरअसल अनधिकृत कट और अवैध रूप से एक्सप्रेसवे को पार करने की घटनाओं को रोकने के लिए NHAI यहां रेलिंग लगा रहा है। NHAI ने इसी महीने करीब 50 कट प्वाइंट्स पर मेटल सेफ्टी गार्डरेल लगाने का शुरू कर दिया है। NHAI की तरफ से सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, लेकिन इससे एक्सप्रेसवे के आसपास बसे क्षेत्रों के निवासी काफी नाराज हैं। उनका कहना है कि रेलिंग लगने से उनकी हाउसिंग सोसाइटीज की कनेक्टिविटी पर असर पड़ेगा।
द्वारका एक्सप्रेसवे पर रेलिंग लगाने से स्थानीय लोगों में गुस्सा (Photo - PTI)
NHAI के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार दुर्घटनाओं को रोकने और अवैध ट्रैवर्सिंग को बंद करने के लिए 18 किमी लंबे इस कॉरिडोर पर रेलिंग लगाई जा रही हैं। उनका कहना है कि यह प्रोजेक्ट सड़क सुरक्षा के लिए है। अगर खुले कट्स की वजह से कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी NHAI की नहीं होगी।
इम्पीरियल गार्डन्स (सेक्टर 102) के RWA उपाध्यक्ष सुनील सरीन का कहना है कि सुरक्षा सबसे जरूरी है, लेकिन जहां सर्विस लेन ही नहीं बनीं, वहां सोसाइटी के लोगों को सीधी कनेक्टिविटी नहीं मिलेगी। ऐसे में लोगों को मजबूर होकर अंदरूनी सड़कों से होकर जाना पड़ेगा, जो नए गुरुग्राम की कॉलोनियों में बमुश्किल ही मौजूद हैं।
सेक्टर 99A में मौजूद लक्ष्मी परीना की निवासी संतोष सिंह का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में अधिकृत सड़कें ही नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'MCG अधिकारी कई बार इंस्पेक्शन के लिए आए, लेकिन सेक्टर की सड़कें आज भी बदहाल हैं। जगह-जगह कचरे के ढेर और गड्ढों ने यहां से गुजरना मुश्किल कर दिया है।'
चिंटेल्स सेरेनिटी (सेक्टर 109) में रहने वाले रंजन जैन ने बताया कि सर्विस रोड के अधूरे निर्माण से लोग मजबूर होकर शॉर्टकट से एक्सप्रेसवे पार करते हैं। अंदरूनी सड़कें पहले ही दयनीय स्थिति में हैं। अब यदि NHAI रेलिंग लगा देगा तो पूरी तरह से रास्ता बंद हो जाएगा।
गुड़गांव महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के मुताबिक, सीपीआर (Central Peripheral Road) से लगे हुए हिस्से में सर्विस रोड का काम पूरा हो चुका है। लेकिन एक्सप्रेसवे के दूसरी ओर लगभग 25% हिस्से में यूटिलिटी रियलाइन्मेंट की वजह से काम छूटा हुआ है। GRAP से जुड़े प्रतिबंधों के हटते ही सर्विस रोड का निर्माण फिर से शुरू किया जाएगा।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सोसाइटियों के नजदीक वाले कट्स पर फिलहाल रेलिंग न लगाई जाए। इस पर NHAI के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा सबसे ऊपर है। अनौपचारिक रास्ते खोलना हादसे का कारण बन सकता है। हम लगातार GMDA को सर्विस रोड जल्द पूरा करने के लिए चिट्ठी लिख रहे हैं।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
