Durga Puja: दिल्ली में अनोखे अंदाज में सज रहा दरबार, पंडाल में होंगे केदारनाथ के भी दर्शन

दुर्गा पूजा आने में कुछ ही समय बचा हुआ है, ऐसे में देश के अलग अलग हिस्सों में पूजा की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। दिल्ली में भी माता का भव्य दरबार सजाने के लिए आयोजक कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। यहां पर अधिकतर आयोजकों ने पर्यावरण से जुड़ी हुई थीम को पंडाल की सजावट के लिए चुना है।

KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली में दुर्गा पूजा की तैयारी चालू
  • पर्यावरण से जुड़ी थीम पर सज रहा पंडाल
  • पश्चिम बंगाल से आ रही माता की मूर्ति

Durga Puja Pandal: दिल्ली में दुर्गा पूजा के लिए माता का दरबार सजना शुरू हो गया है। आयोजन समितियां अपनी दुर्गा पूजा को स्पेशल और ट्रडिशनल बनाने के लिए जुट गई हैं। अलग-अलग थीम पर पंडाल सजाए जा रहे हैं। मयूर विहार फेज 2 के पॉकेट ए-1 में जहां केदारनाथ की थीम पर सजावट का काम चल रहा है, वहीं रोहिणी में गांव की थीम पर माता का दरबार सजाया जा रहा है। वैसे तो हर बार दुर्गा पूजा अपने आप में अनोखी ही होती है, लेकिन इस बार की दुर्गा पूजा में खास बात ये भी है कि इस बार पंडाल की सजावट में पर्यावरण को जोड़ा गया है। सभी आयोजन समितियां पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए पूजा की तैयारियां कर रही हैं, ताकि वे दुर्गा पूजा में पर्यावरण को बचाने का संदेश भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकें।

Durga Puja Pandal Prepration

दिल्ली में सज रहा दुर्गा पूजा पंडाल (फोटो साभार - ट्विटर)

केदारनाथ थीम पर सजावट

मयूर विहार फेज 2 के पॉकेट ए-1 में बंगीय ऐक्य संमिलनि समिति के जनरल सेक्रेटरी तमल भद्र ने बताया कि यहां इस बार सजावट के लिए केदारनाथ थीम चुनी गई है। जिसमें माता का भवन केदारनाथ मंदिर जैसा बनाया जा रहा है, जिसके आसपास पहाड़ भी बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिवानी मॉडल के नाम से एक और मॉडल बनाया जा रहा है जिसमें नटराज स्टाइल में मूर्तियां होंगी, इसमें दुर्गा मां, कार्तिकेय, गणेश, लक्ष्मी और सरस्वती की भी मूर्ति होगी। इसके अलावा इस बार दुर्गा मां का ड्रेस भी टाइगर प्रिंट जैसा बनाया जा रहा है, जिससे माता का लुक भी अलग दिखेगा।

End of Feed