दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में केवल एक दिन बाकी रह गया है। बुधवार यानी 5 फरवरी को दिल्लीवासी अगले पांच साल के लिए सरकार के तौर पर अपने पसंदीदा पार्टी को जिताने के लिए वोटिंग करेंगे। इस दौरान दिल्ली विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों की सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली मेट्रो सेवाएं नियमित समय से पहले शुरू कर दी जाएंगी। ताकि चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी और अधिकारियों को सुबह के समय यात्रा करने में परेशानी का सामना न करना पड़े। बुधवार को चुनाव को ध्यान में रखते हुए समय में बदलाव को लेकर डीएमआरसी द्वारा बयान भी जारी कर दिया गया है।
दिल्ली मेट्रो ने चुनाव को देखते हुए बदला समय
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दिन बदला मेट्रो का समय
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा जारी बयान के अनुसार, दिल्ली में 5 फरवरी 2025 को विधानसभा चुनाव के दिन मेट्रो की सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू कर दी जाएगी। इस सेवा का लाभ उठाते हुए बिना किसी दिक्कत के चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी और अधिकारी अपने गंतव्य पर पहुंच सकते हैं।डीएमआरसी ने बयान में यह भी बताया कि सुबह 4 बजे से 6 बजे तक की अवधि में मेट्रो सेवाएं 30 मिनट के अंतराल पर संचालित की जाएंगी। 6 बजे के बाद अन्य दिनों की तरह यात्रियों की सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
आधी रात तक मिलेगी मेट्रो सेवाएं
डीएमआरसी दिल्ली विधानसभा चुनाव को देखते हुए न केवल सुबह ट्रेनों का परिचालन जल्दी किया जाएगा बल्कि आधी रात तक मेट्रो सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। डीएमआरसी द्वारा जारी बयान के अनुसार, चुनावी ड्यूटी पूरी करने के बाद देर रात घर लौटने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए सभी लाइनों की अंतिम मेट्रो सेवाएं 5/6 फरवरी की आधी रात तक बढ़ा दी गई है। कुछ लाइनों पर अंतिम मेट्रो सेवा रात 12 बजे तक मिलेगी तो वहीं कुछ लाइनों पर 12:35 पर। इसकी पूरी जानकारी दिए गए ट्वीट में है।
इलेक्शन रिजल्ट के दिन भी जल्दी शुरू होगी मेट्रो सेवा
डीएमआरसी द्वारा जारी बयान के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव के दिन के अलावा रिजल्ट के दिन यानी 8 फरवरी को भी मेट्रो सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू हो जाएगी। उस दौरान भी सुबह 6 बजे तक 30 मिनट के अंतराल पर मेट्रो का परिचालन किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
