Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 24-May-2025: दिल्ली के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बुधवार रात को प्रदेश में आई आंधी और बारिश के बाद लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली थी। लेकिन शुक्रवार से उमस भरी गर्मी का सितम फिर से शुरू हो गया है। आज सुबह भी राजधानी के लोगों को उमस झेलनी पड़ी। हालांकि आज दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया है।
दिल्ली में आज बरसेंगे मेघ (फाइल फोटो)
प्री-मॉनसून गतिविधियों में होगी बढ़ोत्तरी
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। साथ ही हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। जिसकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे से लेकर 60 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। स्काईमेट वेदर के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अगले सप्ताह प्री-मॉनसून गतिविधियों में बढ़ोत्तरी हो सकती है। सप्ताह की शुरुआत हल्की बारिश से होगी और अंत तक बारिश तेज हो सकती है। इस दौरान लू चलने की संभावना भी बहुत कम है। साथ ही तापमान भी 40 डिग्री या उससे नीचे रह सकता है।
आने वाले दिनों में दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज बारिश की संभावना के बावजूद पूर्वी हवाओं के चलते उमस में बढ़ोत्तरी होगी। साथ ही अगले दो दिन तापमान में भी करीब 2 डिग्री का इजाफा देखने को मिल सकता है। हालांकि सतही और निम्न स्तर की हवाओं के तेज होने से तेज गर्मी का प्रभाव भी कम होगा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 25 और 26 मई को बादल छाए रहने के आसार हैं। वहीं 27 और 28 मई को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। जिसके बाद 29 मई को फिर से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
