Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 24-Apr-2025: राजधानी दिल्ली में आने वाले हफ्ते मे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार और शनिवार के लिए हीटवेव की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। तापमान में यह वृद्धि शुष्क पश्चिमी हवाओं और साफ आसमान के कारण हो रही है।
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था, हालांकि यह मंगलवार की तुलना में 0.3 डिग्री कम रहा। आईएमडी के अनुमान के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, और यह 42 से 43 डिग्री तक भी पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, “पश्चिमी हवाएं और साफ आसमान तापमान को बढ़ा सकते हैं।
क्या होती है हीटवेव
आईएमडी के अनुसार, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर होता है और यह सामान्य से 4.5 डिग्री या अधिक अधिक होता है, तो उसे हीटवेव माना जाता है। यदि तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक हो जाए, तो भी उसे हीटवेव माना जाता है। वहीं, 6.5 डिग्री या उससे अधिक की वृद्धि के साथ 40 डिग्री से ऊपर तापमान को 'गंभीर हीटवेव' की श्रेणी में रखा जाता है।
मौसम एक्सपर्ट के मुताबिक गुरुवार से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, लेकिन इसका असर केवल पहाड़ी क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। मैदानी इलाकों में शुष्क पश्चिमी हवाएं ही चलेंगी, जिससे तापमान शनिवार तक बढ़ेगा। इसके बाद रविवार से पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
दिल्ली में तापमान का रिकॉर्ड
इस मौसम में अब तक का सबसे अधिक तापमान 21 अप्रैल को दर्ज किया गया था, जब पारा 41.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। पिछले साल अप्रैल में अधिकतम तापमान 27 तारीख को 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। 2023 में यह 18 अप्रैल को 40.6 डिग्री था, जबकि 2022 में 29 और 30 अप्रैल को 43.5 डिग्री तक पहुंच गया था। अप्रैल में अब तक का सर्वाधिक तापमान 29 अप्रैल, 1941 को 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिल्ली में अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। बुधवार को न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़कर गुरुवार को 20-22 डिग्री, शुक्रवार को 22-24 डिग्री और शनिवार को 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
दिल्ली का एक्यूआई खराब श्रेणी में बरकरार
वहीं, दिल्ली की वायु गुणवत्ता लगातार तीसरे दिन "खराब" श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 224 रहा। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (EWS) ने गुरुवार और शुक्रवार को भी खराब श्रेणी की चेतावनी दी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
