Delhi Weather Forecast: दिल्ली में हांड कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। साथ ही बर्फीली हवाओं का सितम भी बरकरार है। दिल्ली का तापमान आज 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है, अगले दो दिनों में भी ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 18 जनवरी तक ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दो दिनों में भी इसी तरह ठंड पड़ेगी। इस दौरान शीतलहर से भी राहत नहीं मिलेगी। इसके अलावा अगले 5 दिनों तक दिल्ली एनसीआर में कोहरा पड़ना भी जारी रहेगा।
दिल्ली में कड़ाके की ठंड (फोटो साभार - ANI)
दिल्ली में अभी और बढ़ेगी ठंड
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में बर्फीली हवाओं का प्रकोप चल रहा है। शीतलहर ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है। बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया है। इस दौरान घना कोहरा भी देखने को मिला। जिसके चलते विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई। दिल्ली में 18 जनवरी तक ठंड का सितम ऐसे ही बरकरार रहेगा। हालांकि दोपहर में धूप खिल सकती है। बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड में इजाफा हो सकता है।
कोहरे के कारण ट्रेन-फ्लाइट लेट
घने कोहरे ने ट्रेन और फ्लाइट की रफ्तार पर रोक लगा दी है। कई ट्रेनें कोहरे के चलते देरी से राजधानी पहुंच रही है। इसके अलावा कई फ्लाइट्स भी उड़ान भरने में देरी कर रही हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से उड़ने वाली कई फ्लाइट्स लेट हैं। यहां से आने-जाने वाली करीब 120 फ्लाइट्स पर कोहरे का प्रभाव पड़ा है। इसके कारण यात्रियों को भी बहुत असुविधा हो रही है। इसके अलावा ट्रेनें भी धीमी रफ्तार से दिल्ली पहुंच रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
