Independence Day 2025 Traffic Advisory: दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने 15 अगस्त के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें शहरभर में लागू होने वाले यातायात प्रतिबंधों और मार्ग परिवर्तन की जानकारी दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, ये प्रतिबंध सुबह 4 बजे से 10 बजे तक प्रभावी रहेंगे। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं।
स्वतंत्रता दिवस 2025 ट्रैफिक एडवाइजरी (फोटो: Canva)
प्रभावित क्षेत्रों से बचें और यथासंभव सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।एडवाइजरी के मुताबिक, प्रतिबंधित समय में लाल किले के आसपास की कई सड़कों पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ऐसे इनमें दिल्ली गेट से छत्ता रेल तक नेताजी सुभाष मार्ग, जीपीओ दिल्ली से छत्ता रेल तक लोथियन रोड, और एच.सी. सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक का हिस्सा शामिल है। इसके साथ ही, फव्वारा चौक से लाल किला तक चांदनी चौक रोड और रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक निषाद राज मार्ग भी बंद रहेगा।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
सुभाष पार्क से आईएसबीटी कश्मीरी गेट तक रिंग रोड और रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक महात्मा गांधी मार्ग पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। केवल अधिकृत लेबल या पास वाले वाहनों को ही इन क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति होगी। बिना पार्किंग लेबल वाले वाहनों को कई प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी गई है, जिनमें सी-हेक्सागन इंडिया गेट, कोपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू-पॉइंट, ए-पॉइंट, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, निजामुद्दीन खत्ता और आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच की रिंग रोड शामिल हैं।
मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक
यात्रियों को शहर के अन्य हिस्सों के बीच आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। साथ ही, 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त की रात 11 बजे तक निजामुद्दीन खत्ता और वजीराबाद पुल के बीच मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसी अवधि में महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच अंतरराज्यीय बसों का संचालन भी बंद रहेगा।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
