Flight Emergency Landing: दिल्ली में आज यानी गुरुवार को लेह जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इंडिगो की फ्लाइट 6E 2006 में किसी तरह की तकनीकी दिक्कत थी, जिसके कारण यह कदम उठाया गया। लेह के लिए उड़ा यह विमान बीच रास्ते से ही वापस लौट आया और सुरक्षित तरीके से दिल्ली में उतर गया। जानकारी के मुताबिक विमान में चालक दल के सदस्यों सहित करीब 180 लोग सवार थे।
इंडिगो ने साझा की जानकारी
इंडिगो ने इस घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए जानकारी साझा की है। जिसमें कहा गया है कि 19 जून 2025 को दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2006 तकनीकी समस्या के कारण लेह में लैंड न कर सकी और मूल स्थान पर लौट आई। प्रक्रियाओं के अनुसार, पायलट वापस दिल्ली लौट आया। परिचालन फिर से शुरू करने से पहले विमान का आवश्यक मेंटिनेंस किया जा रहा है। इस बीच, यात्रियों को लेह ले जाने के लिए एक वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हम अपने ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
दूसरी फ्लाइट का हुआ इंतजाम
एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा। तकनीकी खराबी की वजह से विमान को वापस बुलाना पड़ा लेकिन यात्रियों को समय पर लेह पहुंचाने के लिए तुरंत दूसरी फ्लाइट का इंतजाम किया गया। इससे यात्रियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
कल भी हुई थी विमान में दिक्कत
इंडिगो की फ्लाइट में बुधवार को भी तकनीकी खराबी आई थी। यह फ्लाइट दिल्ली से रायपुर जा रही थी। फ्लाइट 6E-6313 के रायपुर में लैंड होने के बाद भी यात्रियों को आधे घंटे से ज्यादा समय तक अंदर ही बैठा रहना पड़ा।ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि किसी तकनीकी दिक्कत के कारण विमान का दरवाजा नहीं खुल रहा था। इस फ्लाइट में रायपुर की मेयर मीनल चौबे और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
