दिल्ली

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सोते हुए होगा दिल्ली से श्रीनगर सफर! जानें रूट और अन्य जरूरी जानकारियां

नई दिल्ली से श्रीनगर तक का सफर काफी थकाऊ होता है। लेकिन श्रीनगर की वादियों का नजारा करने के लिए आप इस सफर को करते हैं। आपकी परेशानी को समझते हुए भारतीय रेलवे जल्द ही नई दिल्ली से श्रीनगर के बीच वंदे भारत स्लीपर चलाने की तैयारी कर रहा है। यहां जानिए कब चलेगी यह ट्रेन और कितना होगा किराया।

Image

दिल्ली से श्रीनगर के बीच चलेगी वंदे भारत स्लीपर!

Photo : Times Now Digital

वंदे भारत ट्रेनों ने देश में रेलवे सफर के अनुभव को बदलकर रख दिया है। अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें लंबी दूरी की सफर को और भी रोमांचक और आरामदायक बनाने को तैयार हैं। खासतौर पर देश की राजधानी नई दिल्ली से जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के लिए। नई दिल्ली-श्रीनगर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर बड़ा अपडेट है। चलिए जानते हैं इस बारे में -

नई दिल्ली और श्रीनगर के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जनवरी 2025 में लान्च होने को तैयार है। भारतीय रेलवे के लिए यह एक बड़ा कदम होगा, जो भारत में लंबी दूरी के रेल सफर को बदलकर रख देगा। जिस तरह से वंदे भारत एक्सप्रेसवे ने छोटी दूरी के शहरों के बीच के सफर को शानदार बना दिया है, उसी तरह से वंदे भारत स्लीपर ट्रेन ओवर नाइट जर्नी के अनुभव को कई गुना बढ़ा देगी। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पर्यटकों और बिजनेस के लिए सफर करने वाले हर वर्ग के यात्रियों को आरामदायक और तेज यात्रा का अनुभव देगी।

किस दिन चलेगी ट्रेन

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नई दिल्ली और श्रीनगर के बीच पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 26 जनवरी 2025 को चलेगी। दोनों शहरों के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 800 किमी से ज्यादा की दूरी को 13 घंटे में तय करेगी। बताया जा रहा है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन नई दिल्ली से शाम 7 बजे रवाना होगी और सुबह 8 बजे आप श्रीनगर की वादियों में होंगे। इसके बाद आप श्रीनगर की खूबसूरती का लुत्फ ले पाएंगे।

कहां-कहां रुकेगी वंदे भारत स्लीपर

नई दिल्ली-श्रीनगर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सिर्फ 13 घंटे में अपना सफर तय करेगी। इतनी तेजी से इस दूरी को तय करने के लिए ट्रेन को कुछ गिने-चुने स्टेशनों पर ही रोका जाएगा। नई दिल्ली के बाद जिन स्टेशनों पर ट्रेन का हॉल्ट होगा उनके नाम अंबाला कैंट, लुधियाना, जम्मू-तवी और श्री माता वैष्णो देवी कटरा शामिल हैं।

उधमपुर-बारामुला रूट पर दौड़ेगी ट्रेन

नई दिल्ली-श्रीनगर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (USBRL) से गुजरेगी। यह रेल लिंक जम्मू और श्रीनगर के बीच की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा। इस रेल लिंक और नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से न सिर्फ यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि उन्हें बेहतर यात्री सुविधाएं भी मिलेंगी।

कितना लगेगा किराया

माना जा रहा है कि ट्रेन में अलग-अलग श्रेणी के लोगों के लिए टिकटों के दाम भी उसी अनुसार होंगे। कम खर्च में लोग नई दिल्ली से श्रीनगर तक पहुंच सकें, इसके लिए किराया भी उनकी पहुंच में रखा जाएगा। माना जा रहा है कि एसी 3 टियर के लिए आपको 2000 रुपये, एसी 2 टियर के लिए 2500 रुपये और एसी फर्स्ट क्लास के लिए 3000 रुपये का टिकट लेना पड़ सकता है।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की श्रेणी के यात्रियों को बेहतरीन आरामदायक सफर का आनंद मिलेगा। पुरानी ट्रेनों के मुकाबले इसकी बर्थ बहुत अच्छी होंगी, जिनमें आप चैन से सोते हुए अपनी मंजिल तक पहुंच जाएंगे। यह बजट फ्रेंडली होने के साथ ही आपको लग्जरी का अनुभव भी देंगी।

कहां मिलेंगी टिकटें

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लिए टिकट IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप पर मिलेंगी। ट्रेन का उद्घाटन होने के बाद यात्री स्टेशनों के बुकिंग काउंटर आदि से भी टिकट खरीद पाएंगे। माना जा रहा है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लॉन्च होने से जम्मू-कश्मीर के पर्यटन उद्योग को पंख लगेंगे। इस ट्रेन के लॉन्च होने के बाद जम्मू-कश्मीर पहुंचना और भी आसान और आरामदायक हो जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article