बवाना हत्याकांड मामले में दिल्ली पुलिस का एक्शन; टिल्लू गैंग के दो शार्पशूटर एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने गैंगवार से जुड़े एक सनसनीखेज हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शार्पशूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। रोहिणी इलाके में चले विशेष अभियान के दौरान हुई इस कार्रवाई के साथ ही मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या चार हो गई है।

Delhi News: दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर अपराध और अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने गैंगवार से जुड़े एक हत्या मामले में वांछित बदमाश टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शार्पशूटरों को रोहिणी क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इस कार्रवाई के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा की टीम रोहिणी सेक्टर-28 में विशेष अभियान चला रही थी, तभी संदिग्धों ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई और दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।

Delhi Police Nab Two Sharp Shooters of Tillu Gang After Encounter in Rohini (Symbolic Photo)

दिल्ली पुलिस ने बवाना हत्याकांड में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया (सांकेतिक फोटो)

19 मार्च को हुई थी वारदात

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दोनों संदिग्ध कुणाल और एक नाबालिग के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। बवाना के हरेवली गांव में 19 मार्च को रवि भारद्वाज नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में उनके पिता सहित तीन अन्य लोग भी घायल हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के बीच चल रही रंजिश का परिणाम था। पुलिस ने यह भी बताया कि इससे पहले 26 मार्च को अपराध शाखा ने चैंत्य नाम के एक आरोपी को पकड़ा था, जिस पर सुनील उर्फ टिल्लू गिरोह से जुड़े शार्प शूटरों को सूचना उपलब्ध कराने का आरोप है।

End of Feed