दिल्ली

पूर्वी दिल्ली में मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़; 24 घंटे में पुलिस ने पकड़े तीन झपटमार

पूर्वी दिल्ली के मदन विहार थाना पुलिस ने एक मोबाइल छीनने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने महज 24 घंटे में ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी कम पढ़े-लिखे हैं और शराब के आदी हैं।

Image

आराम की जिंदगी के लिए बनातर थे राहगीरों को शिकार (सांकेतिक तस्वीर)

Delhi News: पूर्वी जिले के मदन विहार थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग के एक मामले का खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज, आशीष उर्फ आशु और सचिन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

2 सितंबर को हुई थी घटना

दरअसल, 2 सितंबर को मदन विहार थाने में एक पीसीआर कॉल मिली कि आईपी एक्सटेंशन स्थित आरएएस विहार अपार्टमेंट के पास एक महिला का मोबाइल फोन छीना गया है। सूचना पर सब-इंस्पेक्टर नवीन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन शिकायतकर्ता वहां नहीं मिलीं। जांच के दौरान पता चला कि पीड़िता, जो पेशे से स्कूल टीचर हैं, अपने कार्यस्थल चंदर विहार चली गई थीं। बाद में शिकायतकर्ता निकिता वर्मा थाने पहुंचीं और बताया कि उनका मोबाइल फोन तीन बाइक सवार बदमाशों ने छीन लिया। इस संबंध में एफआईआर संख्या 304/2025, धारा 304(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

100 से अधिक CCTV खंगाले

घटना की गंभीरता को देखते हुए मदन विहार थाना के एसएचओ के नेतृत्व और एसीपी मदन विहार की निगरानी में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल सचिन त्यागी, हेड कांस्टेबल नीरज और कांस्टेबल अश्विनी शामिल थे। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक टीम ने आस-पास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें से एक संदिग्ध की पहचान अरबाज के रूप में हुई।

24 घंटे में हुई गिरफ्तारी

तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 3 सितंबर 2025 को गाजीपुर इलाके से अरबाज और आशीष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने तीसरे साथी सचिन का नाम उजागर किया। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सचिन को भी गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल हुई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया।

रहा है आपराधिक इतिहास

आरोपी अरबाज (22) ने केवल 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और वह पेशे से बढ़ई है। वह शराब का आदी है और वह पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है। 22 वर्षीय आशीष उर्फ आशु, आईपी एक्सटेंशन का रहने वाला है, ने 8वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और खिलौनों की दुकान में मजदूरी करता है। वहीं, 21 वर्षीय सचिन, जो कोंडली का निवासी है, ने भी 8वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और रंगाई का काम करता है।

शराबी प्रवृत्ति के हैं आरोपी

पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी शराबी प्रवृत्ति के हैं और पैसों की जरूरत को पूरा करने और ऐशो-आराम वाली जिंदगी जीने के लिए स्नैचिंग करते थे। ये खासकर उन राहगीरों को निशाना बनाते थे जो अकेले मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे होते। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article