Delhi News: दिल्ली पुलिस ने राजस्थान की एक आवासीय परियोजना के नाम पर 30 से अधिक निवेशकों से करीब 2.3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक निजी अवसंरचना कंपनी के निदेशक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी योगेश शर्मा नोएडा का निवासी है और ‘मैसर्स बिग बुल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड’ का निदेशक है। शर्मा को नोएडा से हिरासत में लिया गया। पिछले साल दिल्ली की अदालत ने धोखाधड़ी के एक मामले में पेश न होने पर उन्हें भगोड़ा घोषित किया था।
दिल्ली पुलिस ने नोएडा स्थित निदेशक धोखाधड़ी के आरोप में किया गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)
आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने बताया कि शर्मा और उनके सहयोगियों ने जयपुर-दिल्ली राजमार्ग स्थित चंदवाजी में 'बिग बुल आशियाना' नाम से एक प्री-लॉन्च आवासीय प्रोजेक्ट पेश किया। उन्होंने निवेशकों को उच्च मुनाफे और निश्चित प्लॉट मिलने का आश्वासन देकर करोड़ों रुपये इकट्ठा किए, लेकिन इसके बाद कार्यालय बंद कर फरार हो गए। आरोपी लगातार अपना पता बदलते रहे ताकि निवेशकों और कानून प्रवर्तन की पकड़ से बच सकें।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली, जयपुर और नोएडा में शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक विश्वासघात से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इनमें जयपुर के पनियाला थाना, नोएडा के सेक्टर-20 थाना और दिल्ली के राजौरी गार्डन थाना की प्राथमिकी शामिल हैं। वर्तमान में पुलिस अन्य पीड़ितों की पहचान और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
