Delhi Murder: राजधानी में एक कपड़ा कारोबारी की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। बेखौफ बदमाशों ने दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में आधी रात को साड़ी के शोरूम के मालिक 32 साल के मोहित अरोड़ा को गोली मारी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मृतक कारोबारी अपने भाई के साथ स्कूटी पर सवार होकर दुकान से घर लौट रहे थे। इस दौरान विपरीत दिशा से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने घर के पास ही गली के अंदर उन पर गोली चला दी।
प्रतीकात्मक फोटो
इस पूरे घटनाक्रम का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें पहले दो आरोपी एक बाइक पर जाते हुए दिख रहे हैं। इसके कुछ सेकेंड के बाद वारदात को अंजाम देकर एक आरोपी पैदल ही भागता हुआ नजर आ रहा है। घटना की जानकारी तत्काल बिंदापुर पुलिस स्टेशन को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने पूरे एरिया में नाकेबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश कि, लेकिन वे फरार होने में कामयाब रहे।
मोहित को मिल चुकी थी रंगदारी की धमकी
जानकारी अनुसार उत्तम नगर के मानस कुंज में रहने वाले मोहित अरोड़ा रविवार रात करीब 12:30 बजे अपने भाई के साथ स्कूटी पर दुकान से घर लौट रहे थे। घर के पास एक गली में बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और वे जब तक कुछ समझ पाते गोली मार दी। जिसके बाद घायल हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर्स ने मोहित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बिंदापुर थाने में आईपीसी की धारा 302/34 और आर्म्स एक्ट 25/27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार अभी तक इस हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन रंगदारी न देने पर हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार मोहित को कुछ दिनों पहले रंगदारी को लेकर धमकी भी मिली थी। हालांकि पूरे मामले की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
