Delhi NCR Weather: दिल्ली एवं एनसीआर में सोमवार को बारिश होने का अनुमान है। बारिश होने पर तापमान में कमी आ सकती है। साथ ही प्रदूषण के स्तर में सुधार देखने को मिलेगा। बीते कुछ दिनों से दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि सोमवार को हल्की बारिश होने या गरज के साथ छीटें पड़ सकते हैं। IMD ने आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का पुर्वानुमान जताया है। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 20 और 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिल्ली में सोमवार को हल्की बारिश हो सकती है।
रविवार को 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान
राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान औसत से एक डिग्री अधिक 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खराब श्रेणी में बना रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान शहर में मौसम के औसत तापतान से दो डिग्री अधिक 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का एक्यूआई शाम सात बजे 228 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।
सुबह के मौसम में बदलाव दिखना शुरू
दिल्ली की सुबह में बीते कुछ दिनों से बदलाव दिखना शुरू हो गया है। यह बदलाव सर्दी के मौसम के शुरुआत की है लेकिन दिन के समय कड़ी धूप अभी भी माथे पर पसीना ला रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि बारिश होने पर तापमान में कमी आएगी। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर भी दिल्ली के मौसम पर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 16 और 17 अक्टूबर को दिन के समय हल्की ठंडक का अहसास हो सकता है। अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आ सकती है।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई 'अच्छा'
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' श्रेणी का माना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
