Delhi-NCR Weather for next three days: दिल्ली-एनसीआर में हो रही बारिश मॉनसून की याद दिला रही है। पिछले दो दिनों से यहां लगातार बारिश हो रही है। आज भी राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में तेज बारिश हुई। साथ ही ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। जिससे तापमान में तेजी से गिरावट भी आई है। दिल्ली में शुक्रवार को हुई बारिश ने 27 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले साल 1997 में 71.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। दिसंबर में साल 1997 से 2024 तक इतनी बारिश पहले कभी नहीं हुई। सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक यहां 31.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली में अगले तीन दिन कैसा मौसम रहेगा आइए जानते हैं:
दिल्ली के इन इलाकों में होगी बारिश
दिल्ली-एनसीआर में आज पूरे दिन बारिश होने की आशंका है। बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। जिसका मतलब है कि यहां गंभीर मौसम की स्थिति बनी रह सकती है। इसमें पालम, सफदरजंग, लोदी रोड, आईजीआई एयरपोर्ट, महरौली, छतरपुर, आयानगर, डेरामंडी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर जैसे इलाके शामिल हैं। नोएडा और मानेसर में भी हल्की से लेकर भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
अगले दो दिन घने कोहरे का येलो अलर्ट
दिल्ली में आज सुबह तापमान 12.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 16 डिग्री तक रहने की संभावना है। राजधानी में शनिवार के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ जाएगी। जिसके बाद फिर से घने कोहरे की वापसी होगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन दिल्ली में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को दिल्ली में अधिक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं सोमवार को भी घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है।
आज सुबह 8:30 बजे से पहले 24 घंटे में दर्ज हुई बारिश
| इलाका | दर्ज हुई बारिश (मिमी) |
| दिल्ली विश्विद्यालय | 50 |
| रिज | 46.8 |
| लोधी रोड | 45.3 |
| पूसा | 43 |
| सफदरजंग | 41.2 |
| पालम | 39.1 |
| पीतमपुरा | 32 |
| आयानगर | 27.9 |
| नरेला | 15.5 |
भारी बारिश के चलते गिरे पेड़
दिल्ली में आज भारी बारिश और तेज़ हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ गिर गए। आरके पुरम के सेक्टर-9 में सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिसके कारण एक मोटरसाइकिल और एक कार उस जगह गिर गए। वहीं, रिठाला मेट्रो के पास भारी बारिश के कारण गुलेरिया हाउस के पीछे भी सड़क का एक हिस्सा टूट गया। इससे पहले शुक्रवार को लगातार बारिश की वजह से दिल्ली के कई हिस्सों में पानी भर गया और गंभीर यातायात जाम लग गया। वहीं गुरुवार को भी सुबह से शुरू हुई भारी बारिश पूरे दिन जारी रही।
(इनपुट - IANS)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
