Delhi-NCR Weather Today: देश में मौसम की चाल एक बार फिर बदलते हुए दिख रही है। बीते कुछ दिनों से यहां मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। जहां पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो रही है। वहीं मैदानी इलाकों में सुबह-शाम ठंडक और दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है। इस बीच पहाड़ी इलाकों में एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ से एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव होने वाला है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मार्च की शुरुआत इस बार बारिश के साथ हो सकती है। लेकिन उससे पहले दिल्ली-एनसीआर में तेज गर्मी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल -
दिल्ली में बदलेगी मौसम की चाल
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में सुबह और रात के दौरान मौसम ठंडा बना हुआ है। लेकिन दिन की धूप से लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। तापमान बढ़ने के साथ यहां मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। फरवरी के लगभग पूरे महीने ही दिल्ली में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। सर्दी के इस महीने में गर्मी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बता दें कि अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 कम रहा। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। साथ ही मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को सुबह के समय राजधानी में कहीं-कहीं धुंध देखने को मिलेगी।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम शुष्क बना हुआ है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में आसमान साफ बना हुआ है। दोनों शहरों में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान क्रमशः 26 और 28 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा। वहीं गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान क्रमशः 26 और 27 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। 27 और 28 फरवरी को यहां बारिश होने की भी संभावना है।
आने वाले दिनों दिल्ली को भिगोएगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 27 फरवरी से मौसम बदलने लगेगा। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश होने की भी संभावना है। 27 फरवरी से मार्च की शुरुआत तक राजधानी में बारिश का दौर जारी रहेगा। करीब तीन दिन तक दिल्ली में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। बारिश से मौसम सुहावना बना रहेगा और हल्की ठंडक बढ़ सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
