Delhi Crime News: नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने गांजा तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। अधिकारियों ने एक यात्री के पास से हरी रंग की संदिग्ध नशीली सामग्री बरामद की। जिसे यात्री ने बड़ी चालाकी से कुकीज़ और चावल के पैकेटों में छुपाकर एक काले रंग के ट्रॉली बैग में रखा था। आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही बरामद नशीली सामग्री को भी जब्त कर लिया गया है।
बैग से 11.28 किलोग्राम गांजा बरामद
यह मामला 21 फरवरी 2025 को सामने आया जब बैंकॉक से आई फ्लाइट (TG-323) से पहुंचे एक भारतीय यात्री को संदेह के आधार पर Green Channel से हटाकर उसके सामान की एक्स-रे जांच की गई। कस्टम अधिकारियों ने जब यात्री के ट्रॉली बैग की गहन तलाशी ली, तो उसमें कुल 11.28 किलोग्राम गांजा/मारिजुआना बरामद हुआ। इस नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹11.28 करोड़ बताई जा रही है।
इन धाराओं में दर्ज किया गया मामला
कस्टम अधिकारियों ने तुरंत संदिग्ध पदार्थ की जांच की, जिसमें यह गांजा/मारिजुआना होने की पुष्टि हुई। इसके बाद यात्री को NDPS अधिनियम, 1985 की धारा 8 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, और धारा 20, 23 और 29 के तहत अपराध दर्ज करते हुए 21 फरवरी को शाम 5:50 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद गांजा और तस्करी में इस्तेमाल सामग्री को NDPS अधिनियम की धारा 43(A) के तहत जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी के पीछे जुड़े बड़े नेटवर्क की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
