अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि
रविवार को अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक 26.1 दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को हुई तापमान में वृद्धि से अनुमान लगाया जा रहा है कि अब दिल्ली के लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।
दिल्ली में आज का मौसम
रविवार की तरह ही दिल्ली में आज भी तेज धूप खिली रहेगी। इससे तापमान में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक रह सकता है। इस बीच शहर में सुबह के समय मध्यम कोहरा छाया रहेगा।
आगामी दिनों में बारिश के आसार
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसका असर दिल्ली के मौसम पर देखने को मिलेगा। दिल्ली में 22 और 23 जनवरी को बादल छाए रहेंगे और गजर-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद मौसम में फिर बदलाव होगा और तापमान में गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का स्तर फिर बढ़ेगा।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में कड़ाके की ठंड का सितम जारी है। इन शहरों में आज मध्यम कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। तापमान की बात करें तो गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान क्रमशः 23,24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान क्रमशः 8-9 और अधिकतम तापमान 20-21 रह सकता है। इस सप्ताह की 22 और 23 जनवरी को नोएडा और गाजियाबाद में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
