चार डिग्री पहुंचा शहर का तापमान
मानक वेधशाला (Standard Observatory) सफदरजंग की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को दिल्ली के तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। कुछ दिनों से 7 से 8 डिग्री दर्ज किया जा रहा शहर का तापमान रविवार को 4.9 डिग्री तक पहुंच गया। जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। यह तीसरी बार है कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है। यहां आद्रता का स्तर 28 से 94 फीसदी तक रहा सकता है। इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार को शहर में मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान लगाया है। वहीं तापमान की बात करें तो आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।
दिल्ली में बदले मौसम के मिजाज
बता दें कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। पिछले सप्ताह भी अच्छी बर्फबारी दर्ज की गई थी। बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालयी क्षेत्रों से दिल्ली की तरफ आने वाली हवाओं के कारण शीतलहर की स्थिति बनी थी। लेकिन 13 दिसंबर को मौसम में बदलाव आया। हवा की दिशा बदलने से दिल्ली को शीतलहर से राहत मिली। लेकिन एक बार फिर हवाओं की दिशा बदलने लगी है, जिस कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोग खुद को ठंड से बचाने के लिए और गर्म रखने के लिए गर्म कपड़ों की कई लेयर्स पहने हुए हैं। आज के मौसम की बात करें तो गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान क्रमशः 7 और 10 डिग्री रह सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शहर में कोहरा छाया रहेगा, लेकिन धूप खिलने के साथ कोहरे के स्तर में कमी आएगी। वहीं फरीदाबाद और गुरुग्राम की बात करें तो मौसम विभाग ने दोनों शहरों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। यहां न्यूनतम तापमान 6 और अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। साथ ही सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। ठंड से बचने के लिए यहां अलाव का सहारा लिया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
