दिल्ली में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने दिल्ली में आज घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में सुबह की शुरुआत घने कोहरे साथ हुई है। कोहरे का कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) जीरो हो गई है। घर के बाहर निकलने पर लोगों को सीढ़ियां भी सही से नहीं दिख रही है। सड़कों पर गाड़ियों को रेंगते हुए देखा जा रहा है। कोहरे के कारण सभी गाड़ियां लाइट जलाकर धीमी गति में चल रही है। कई रास्ते कोहरे और ठंड के कारण सुनसान पड़े हुए हैं। इससे सबसे अधिक परेशानी ऑफिस जाने वाले लोगों को हो रही है। कोहरे के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क यातायात से लेकर हवाई यातायात भी प्रभावित है। जानकारी के लिए बता दें कि घने कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट ने कोहरे के कारण जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग द्वारा दिल्ली में कोहरे को लेकर जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की, जिसमें कहा गया कि जीरी विजिबिलिटी के कारण उड़ानों के प्रस्थान पर असर पड़ा है। इस एडवाइजरी में यात्रियों को सलाह दी कि वे अपडेट फ्लाइट जानकारी के लिए अपने संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें। एडवाइजरी में लिखा है कि "घने कोहरे के कारण, फ्लाइट प्रस्थान पर असर पड़ा है, हालांकि, कैट III का अनुपालन करने वाली उड़ानें दिल्ली एयरपोर्ट से उतरने और जाने में सक्षम हैं।"
गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज दिल्ली से गुरुग्राम और फरीदाबाद (Gurugram-Faridabad Weather Today) में मौसम साफ बना रहेगा। यहां न कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, न ही शीतलहर का अलर्ट है। लेकिन इस बीच लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि दोपहर के समय खिली धूप से लोगों को कुछ राहत मिलेगी। तापमान की बात करें तो आज गुरुग्राम और फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान क्रमशः 7-8 और अधिकतम तापमान 19 दर्ज किया गया है।
गाजियाबाद और नोएडा में कोहरे की मोटी चादर
दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा (Ghaziabad-Noida Weather) में मौसम विभाग ने दो दिन कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही यहां कोहरे की मोटी चादर छाई हुई है। दृश्यता जीरो बनी हुई है और यातायात व्यवस्था प्रभावित है। कोहरे के कारण सड़कों पर गाड़ियों को धीमी गति में रेंगते हुए देखा जा रहा है। सभी वाहन चालक लाइट जलाकर यात्रा कर रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो कल यानी शनिवार को भी प्रदेश में कोहरा छाया रहेगा। तापमान की बात करें तो आज गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 -19 डिग्री तक रह सकता है।
वीकेंड पर होगी दिल्ली-एनसीआर में बारिश (Delhi-NCR Rain Alert)
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 11 जनवरी को बारिश होने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 11 जनवरी को बादलों की आवाजाही रहेगी और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं दिल्ली और गाजियाबाद में 12 जनवरी यानी रविवार को भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। कोहरे के साथ इन शहरों में लोगों को बारिश की मार भी झेलनी होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
