Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से शहर का मौसम सुहावना बना हुआ है। बारिश से तापमान में कमी आई है और उमस भरी गर्मी से दिल्लीवालों को राहत मिल रही है। इतना ही नहीं, रात के समय हल्की ठंडक का भी एहसास होने लगा है। शुक्रवार को राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्रों में कई स्थानों पर सुबह से बादल छाए रहे। 8 बजे के बाद से कई स्थानों पर रिमझिम-रिमझिम बारिश दर्ज की गई तो वहीं कई इलाकों में बदरा झूमकर बरसे। बारिश के बाद दिल्ली में जलजमाव के कारण कई जगह भारी जाम देखने को मिला। इस बीच मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार, 07 सितंबर 2024 को भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग ने मौसमी गतिविधियों को देखते हुए शनिवार को दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई हिस्सों में हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश से लोगों को यहां उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में और कमी आएगी। बारिश से दिल्ली का मौसम कूल-कूल बना रहेगा। तापमान की बात करें तो आज शहर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बता दें कि शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 23.4 दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एनसीआर में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा में हल्की बारिश के साथ 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री रह सकता है। लेकिन न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 और 24 तक रहेगा। वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है। गुरुग्राम और फरीदाबाद दोनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 और 24 रह सकता है।
अगले सात दिन तक दिल्ली में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। शनिवार से सोमवार तक बादलों की आवाजाही में शहर में हल्की से तेज बारिश हो सकती है। मंगलवार, 10 सितंबर को शहर में बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना कम है। उसके बाद 11 सितंबर से शुक्रवार तक बारिश का दौर फिर शुरू होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
