Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली में दो-तीन दिन की उमस भरी गर्मी के बाद मानसून फिर सक्रिय हुआ। सितंबर की शुरुआत के साथ ही दिल्ली में जमकर बदरा बरस रहे हैं। गुरुवार सुबह दिल्ली के कई स्थानों पर झमाझम बारिश हुई, तो वहीं कई स्थानों पर कुछ मिनटों की बूंदाबांदी हुई। दोपहर के समय मौसम साफ रहा। शाम होते-होते बादल फिर जमकर बरसे। सुबह-शाम बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट जारी करने बाद मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई और येलो अलर्ट जारी किया। साथ ही एनसीआर के कई हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा वीकेंड पर दिल्ली-एनसीआर का मौसम का हाल-
आज दिल्ली का मौसम
आज दिल्ली में बारिश होगी या नहीं
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। विभाग ने शहर कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान शहर का न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 24 और 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिल्ली में लगातार हो रही बारिश और हल्की हवाओं के बीच शहर की आबोहवा साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली की हवा लंबे समय से संतोषजनक श्रेणी में है।
आज एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग ने एनसीआर में आने वाले गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। लेकिन इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के संभावना जताई जा रही है। इससे या तो लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी या फिर गर्मी और बढ़ जाएगी। बता दें कि पिछले कई दिनों से एनसीआर के लोग उमस भरी गर्मी का मार झेल रहे हैं। लेकिन गर्मी से राहत देने के लिए अच्छी बारिश नहीं हो रही है।
वीकेंड पर कैसा रहेगा मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड के दौरान मौसम सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का मौसम खुशनुमा बना रहेगा। दिल्ली में शनिवार को मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। वहीं रविवार को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले पूरे सप्ताह दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
