Delhi-NCR Weather Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों से कोहरे का कहर जारी है। यहां कोहरा इतना घना है कि कई इलाकों में दृश्यता 800 मीटर रही तो वहीं कई इलाकों में सुबह के समय कुछ दूर का रास्ता भी सही से दिखाई नहीं दिया। स्मॉग और कोहरे के कारण लोगों को यात्रा करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस बीच दिल्ली में लोगों को ठंड से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। दिल्ली की सड़कों पर लोगों को गर्म कपड़ों की लेयर्स में देखा जा रहा है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते दिख रहे हैं। अलाव की तपिश से खुद को गर्म रखने का प्रयास किया जा रहा है। भीषण ठंड में सबसे अधिक परेशानी सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को हो रही है।
दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली में मौसम का हाल
राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने आज और कल कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शहर के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे दृश्यता पर असर पड़ेगा और यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी। इस दौरान लोगों को धीरे और लाइट जलाकर वाहन चलाने की सलाह दी गई है। सतर्क रहते हुए यात्रा करें। इस बीच दिल्ली के तापमान की बात करें तो आज शहर का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.5 दर्ज किया गया था।
आने वाले दिनों में मौसम का हाल
दिल्ली में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने वाली हैं। यहां तेज ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज यानी 21 दिसंबर से 25 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 26 दिसंबर को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश से शहर के तापमान में वृद्धि भी हो सकती है और तापमान में गिरावट का दौर भी शुरू हो सकता है। क्योंकि यह मौसम है और मौसम कभी भी बदल सकता है।
एनसीआर में मौसम का हाल
एनसीआर क्षेत्रों में कहीं कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कुछ स्थानों पर कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने गुरुग्राम और फरीदाबाद में 21 और 22 दिसंबर को कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गुरुग्राम और फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री बना रहेगा। वहीं गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में कोहरा छाया रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान क्रमशः 23 और 24 डिग्री रह सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
