Delhi-NCR Ka Mausam 22-May-2025: दिल्ली-एनसीआर में मौसम की चाल बदल गई है। बुधवार शाम दिल्ली समेत गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश और तेज झोकेदार हवाएं चली। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। दिल्ली-एनसीआर में आई तेज आंधी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालांकि तेज हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लेकिन इस प्राकृतिक आपदा के कारण कई कॉलोनियों में बिजली के पोल गिर गए। बिजली के पोल गिरने से कई इलाकों में आपूर्ति बाधित रही।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल
आंधी से अस्त-व्यस्त हुआ जनजीवन
तेज हवा के चलते दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर पेड़, होर्डिंग और पोल गिरे, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बुधवार शाम आंधी के कारण हुए हादसों में दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जिसमें से एक की पुष्टि हुई है। दिल्ली के गोकुलपुरी में एक पेड़ गिरने से दो मोटरसाइकिलें और एक युवक दब गया। युवक को पेड़ के नीचे से निकालकर जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। निजामुद्दीन में भी एक दिव्यांग व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि कश्मीरी गेट इलाके में जूस की दुकान का छज्जा गिरने से कई लोग घायल हुए।
ग्रेटर नोएडा में भी आंधी के कारण कई हादसे हुए। इसमें एक महिला की मौत हो गई है। साथ ही इलाके में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। वहीं फरीदाबाद में भी बारिश के साथ ओले पड़े। शहर के कई इलाकों में बिजली बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुग्राम में भी आंधी के कारण कई पेड़ गिरे और बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बुधवार को शाम में हुई तेज बारिश और आंधी के कारण दिल्ली-एनसीआर के अधिकतर इलाकों में बिजली बाधित रही।
दिल्ली में आज का मौसम
बुधवार शाम झमाझम बारिश के बाद आईएमडी ने आज दिल्ली में उमस और गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और लोग पसीना-पसीना होते नजर आएंगे। फिलहाल शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के लोगों को गर्मी से केवल 23 और 24 मई तक राहत मिलेगी। उसके बाद शहर का मौसम फिर बदलना शुरू होगा और तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी।
एनसीआर में आज का मौसम
दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश और तेज हवाओं को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है। आईएमडी की मानें तो फरीदाबाद और गुरुग्राम में 25 मई से 27 मई के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान दोनों शहरों का न्यूनतम तापमान 30 से 31 डिग्री और अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री रह सकता है।
एनसीआर क्षेत्र गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में मौसम विभाग ने आज भी बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शहर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेगी। बारिश और हवाओं से बुधवार की तरह आज गुरुवार को भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। बता दें कि इन दोनों शहरों में 27 मई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहेगा, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलेगी। हालांकि दोपहर के समय उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
