दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए "महिला समृद्धि योजना" को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह ₹2500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंत्रियों की समिति की पहली बैठक में इस योजना को लागू करने पर सहमति बनी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर को बेहतर करना है। दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये देने का वादा भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान अपने चुनावी घोषणा पत्र में किया था। इस योजना को अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है। महिलाओं को 2500 रुपये हर महीने मिलेंगे तो सही, लेकिन वह इसमें से आधे पैसे ही निकाल पाएंगी। बाकी की धनराशि का क्या होगा, चलिए जानते हैं -
दिल्ली की महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये (फोटो - AI Image)
परिवार की नई परिभाषा और पात्रता
सरकार ने योजना के लाभार्थियों का दायरा बढ़ाने के लिए परिवार की परिभाषा में बदलाव किया है। अब एक ही पते पर रहने वाले पिता और पुत्र के परिवारों को अलग-अलग परिवार माना जाएगा। हालांकि, योजना का लाभ केवल 21 से 60 वर्ष की महिलाओं को मिलेगा। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं पहले से बुजुर्ग पेंशन योजना के अंतर्गत आती हैं, इसलिए उन्हें इस योजना से बाहर रखा गया है।
राशि का वितरण और बचत प्रावधान
महिलाओं को मिलने वाली ₹2500 की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी। हालांकि, उन्हें पूरी राशि एक साथ निकालने की अनुमति नहीं होगी। आधी राशि महिला तुरंत निकाल सकेगी, जबकि शेष राशि उनके नाम से एक आरडी (Recurring Deposit) खाते में जमा होगी। यह राशि एक निश्चित समय के बाद निकाली जा सकेगी, जिसकी समय-सीमा और राशि का निर्धारण समिति द्वारा किया जाएगा।
20 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
दिल्ली सरकार के अनुसार, इस योजना से राजधानी दिल्ली की लगभग 20 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी। इसके लिए ₹5100 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है। सरकार का कहना है कि योजना को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं। समिति हर पहलू पर गहन चर्चा कर रही है, ताकि योजना का लाभ सही और जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंच सके।
विपक्ष के आरोपों पर सरकार का जवाब
विपक्ष ने योजना में देरी को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। इस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सरकार योजना को केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर मजबूती से लागू करना चाहती है। इसलिए दिशा-निर्देशों को अंतिम रूप देने में समय लग रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि योजना जल्द ही पूरी पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ लागू की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
