Delhi Khan Market: राजधानी दिल्ली में वैसे तो कई पॉश और सबसे महंगे इलाके हैं, लेकिन खान मार्केट शहर के सबसे महंगे इलाके में टॉप पर आती है। खान मार्केट सबसे महंगे रिटेल स्थानों की वैश्विक सूची में 24वें स्थान है। बता दें कि पिछले साल की तुलना में इस साल खान मार्केट एक पायदान नीचे उतर गया है। संपत्ति सलाहकार कुशमैन एंड वेकफील्ड (C&W) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यहां का वार्षिक किराया 223 अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ग फुट है। खान मार्केट पिछले वर्ष इस सूची में विश्व में 23वां सबसे महंगा रिटेल स्थान था, लेकिन इस साल एक पायदान नीचे 24वें स्थान पर रिकॉर्ड किया गया है।
दिल्ली की खान मार्केट का जलवा बरकरार
दुनिया के सबसे महंगे इलाकों की लिस्ट जारी
कुशमैन एंड वेकफील्ड की बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, लंदन का न्यू बॉन्ड स्ट्रीट दुनिया का सबसे महंगा रिटेल इलाका बन गया है, जिसका वार्षिक किराया 2,231 अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ग फुट है। इटली के मिलान में वाया मोंटे नेपोलियन ने अपना शीर्ष स्थान खो दिया है। यह 2,179 अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ग फुट के वार्षिक किराये के साथ विश्व में दूसरा सबसे महंगा इलाका बन गया है। वैश्विक रियल एस्टेट परामर्शदाता कुशमैन एंड वेकफील्ड ने अपनी प्रमुख रिटेल रिपोर्ट ‘मेन स्ट्रीट्स अक्रॉस द वर्ल्ड 2025’ जारी की है। यह वैश्विक स्तर पर 138 सर्वश्रेष्ठ शहरी रिटेल स्थानों में प्रमुख किरायों पर केंद्रित है। वैश्विक सूची में हांगकांग का सिम शा त्सुई (मुख्य सड़क की दुकानें) चौथे स्थान पर रहा। इसके बाद एवेन्यू डेस चैंप्स-एलिसीस (पेरिस), गिन्जा (तोक्यो) बानहोफस्ट्रासे (ज्यूरिख), पिट स्ट्रीट मॉल (सिडनी), म्योंगदोंग (सियोल) और कोहलमार्क (वियना) का स्थान है।
दिल्ली के खान मार्केट 24वें स्थान पर
कुशमैन एंड वेकफील्ड के कार्यकारी प्रबंध निदेशक (मुंबई एवं नए व्यवसाय) गौतम सराफ ने कहा, "भारत के सबसे महंगे इलाके असाधारण मजबूती और बढ़ती वैश्विक प्रमुखता प्रदर्शित कर रही हैं। खान मार्केट, कनॉट प्लेस और गैलेरिया मार्केट जैसे ‘प्रीमियम’ इलाके बढ़ती समृद्धि एवं बदलती उपभोक्ता प्राथमिकताओं के कारण अंतरराष्ट्रीय तथा घरेलू ब्रांड को आकर्षित कर रहे हैं।"
रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम के गैलेरिया मार्केट में किराये में 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद नयी दिल्ली के कनॉट प्लेस में किराया 14 प्रतिशत और मुंबई के केम्प्स कॉर्नर में 10 प्रतिशत बढ़ा। एशिया प्रशांत क्षेत्र का सबसे किफायती इलाका चेन्नई का अन्ना नगर सेकेंड एवेन्यू है जहां किराया 25 अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ग फुट प्रति वर्ष है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
